पं. रविशंकर यूनिवर्सिटी में परीक्षा अब सुबह 8 बजे से, NSUI का विरोध प्रदर्शन…

रायपुर के पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सेमेस्टर परीक्षा के समय में बदलाव किया गया है। परीक्षा के समय में बदलाव का निर्णय यूनिवर्सिटी प्रशासन ने NSUI के विरोध के बाद किया है। पहले परीक्षा का टाइम सुबह 7 बजे तय किया गया था। लेकिन ये टाइम स्टूडेंट्स अनुकूल नहीं था।

Advertisement

तय समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में छात्रों को समस्या होती। इस समस्या को जेनुइन मानते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अब तय किया है कि पहले शिफ्ट में पेपर की टाइमिंग सुबह 8 से 11 बजे तक और दूसरे शिफ्ट में पेपर की टाइमिंग दोपहर 1 से 4 बजे तक होगी।

NSUI ने किया था जोरदार प्रदर्शन

इससे पहले सोमवार NSUI ने विश्वविद्यालय में जमकर प्रदर्शन किया था। दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को प्रशासनिक भवन के भीतर घुसने से रोकने के लिए मेन गेट पर ताला लगा दिया। जिसके चलते छात्र उग्र हो गए और कुलपति मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। वहीं गेट पर लगे ताले को भी तोड़ दिया।

परीक्षा समय में की थी बदलाव की मांग

जून से विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा स्टार्ट होने वाली है। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया था। परीक्षा का समय सुबह सात बजे से तय किया गया था। इसी बात को लेकर विवाद था। छात्रों का कहना था कि लंबी दूरी तय कर आने वाले छात्रों के लिए सुबह परीक्षा केन्द्र तक समय पर पहुंचना कठिन है। समय में बदलाव की मांग लेकर छात्र कुलपति को ज्ञापन देने पहुंचे थे।

कुलपति नहीं मिले तो भड़क गए छात्र

लेकिन कुलपति मिले नहीं। इसके अलावा छात्रों को प्रशासनिक भवन के भीतर भी प्रवेश नहीं करने दिया गया। मेन गेट पर ताला देखकर छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद भी ताला नहीं खुला तो पत्थर उठाकर ताला तोड़ दिया। इसके बाद कुलसचिव शैलेन्द्र पटेल ने छात्रों की बात सुनी और ज्ञापन लिया।

छात्रों को मिलेगी राहत

NSUI SM के प्रदेश उपाध्यक्ष पुनेश्वर लहरे ने बताया कि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें मेन गेट पर घंटों रोके रखा था। जिसके चलते आक्रोश बढ़ा। वहीं अभी जो व्यवस्था बनाई गई है, उससे छात्रों को राहत मिलेगी। उन्हें लोकल ट्रांसपोर्ट उपलब्ध होगा, वहीं तैयारी का समय भी मिलेगा।

लहरे ने बताया हमने छात्रों को रोल नंबर और सेंटर संबंधित जानकारी भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

 

 

Advertisements