Left Banner
Right Banner

किराए के कमरे में छाप रहा था नकली नोट: जाली करेंसी छापने वाले का भंडाफोड़..

 मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के पास लगभग तीन लाख के रुपये पांच सौ रुपये के जाली नोट को अधारताल में छापा गया था। जहां, यशवंत नगर में किराए के मकान पर जाली नोट का छापाखाना चल रहा था। इसका पता मंगलवार को हनुमानताल पुलिस की जांच में चला।

बता दें कि पुलिस ने सोमवार को घमापुर शुक्ला होटल के पास रहने वाले रवि दाहिया को पांच सौ रुपये के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपित ने पूछताछ में पहले नरसिंहपुर से जाली नोट लाना बताया। रिमांड में लेकर उससे पूछताछ की गई तो उसने जाली नोट बनाने के छापाखाना का पता उगल दिया। आरोपित की निशानदेही पर मंगलवार को इस छापाखाने की जांच गई। मौके से जाली नोट छापने के आरोपित रितुराज विश्वकर्मा (35) को गिरफ्तार किया गया है।

गोटेगांव का रहने वाला है आरोपी

जाली नोट छापने का आरोपित रितुराज विश्वकर्मा मूलत: नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव के पास ग्राम इमलिया का निवासी है। जाली नोट खपाते हुए पकड़े गए रवि ने पूछताछ में उससे कम मूल्य पर पांच सौ रुपये के जाली नोट लेना स्वीकार किया है। रवि के पास पुलिस को एक बैग में पांच सौ रुपये के नोट के कुल छह बंडल मिले थे। जिसमें कुल 588 नोट थे। इनमें कुछ नोट एक ही सिरीज एवं नंबर के थे। जब्त किए गए नोटों के बीच महात्मा गांधी के चित्र का वाटर मार्क का चिह्न नही था। आरोपित जाली नोट को कम मूल्य पर दूसरों को देकर उन्हें बाजार में खपाने के इरादे से घूम रहा था।

प्रिंटर मिला, जाली नोट भी जब्त

आरोपित रितुराज शातिर है। उसने यशवंतर नगर में किराए पर कमरा लिया था। पुलिस की नजर से बचकर किराए के कमरे में जाली नोट प्रिंट करता था। हनुमानताल थाना प्रभारी धीरज राज की टीम को मौके पर प्रिंटर, लैपटाप, कुछ रंग, कागज सहित जाली नोट छापने के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्री मिली है। कमरे में छापकर रखे गए पांच सौ रुपये के कुछ जाली नोट भी मिले है। इन जाली नोट और उसे तैयार करने की सामग्री को पुलिस ने जब्त किया है।

इसके साथ ही किराए के कमरे को सील कर दिया गया है। आरोपित यह सब कुछ इतना गुपचुप तरीके से कर रहा था कि आसपास के लोगों को भी कभी उसकी गतिविधि पर संदेह नहीं हुआ।

महीनों से चल रहा था खेल

पुलिस को आरंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित रितुराज लगभग छह-सात माह से जाली नोट छाप रहा था। वह ऐसे लोगों को खोजता था तो कि जरूरतमंद हों और उसके छापे हुए जाली नोट को आसानी से बाजार में खपा सकें। इसके लिए वह कम पढ़ें-लिखे लोगों को शामिल करता था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनके गिरोह से और कौन जुड़ा हुआ था। इससे पहले उसने जाली नोट और कहां खपाएं हैं, उसके संबंध में भी जांच की जा रही है।

इंटरनेट से जुटाई जानकारी

आरोपी ऋतुराज अधारताल में किराए के मकान में पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहा था। आरोपित बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और बैंकिंग प्रबंधन से संबंधित पढ़ाई किया है। ज्यादा पैसा कमाने के लिए उसने जाली नोट बनाकर उसे खपाने का सोचा। ह पत्नी और बेटे के रात में सो जाने के बाद अलग कमरे में जाली नोट बनाने का काम करता था। जाली नोट बनाने से पहले उसने इंटरनेट पर डिजाइन, रंग सहित नोट के संबंध में कई जानकारियां सर्च किया। उसके बाद नोट छापना शुरू किया। आरोपित रवि दहिया से उसकी पहचान चाय के ठेले पर हुई थी। जहां उसने उसे 25000 के बदले लाखों रुपये के 500 के जाली नोट दे दिए।

Advertisements
Advertisement