कबीरधाम जिले में खुद को फर्जी डिप्टी कलेक्टर बताने वाला युवक पकड़ाया है। आरोपी शम्मी सिंह ठाकुर अपने साथियों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोपी दुर्ग जिले का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान ड्राइवर और स्टेनो समेत तीन और भी लोग थे।
आरोपियों के हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह होने के बाद कलेक्ट्रेट में तैनात कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी।
किस उद्देश्य से कारनामे किए, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग पार्टी ने आरोपी और उसके साथियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी का उद्देश्य क्या था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।
जल्द होगा खुलासा
इस घटना से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस मामले में और खुलासे किए जाएंगे।