एसओजी ने शुक्रवार देर रात SI पेपर लीक से जुड़े मामले में राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) राजकुमार यादव और उसके बेटे भरत यादव को गिरफ्तार किया है। राजकुमार यादव और उसके बेटे भरत यादव को तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया है।
एसओजी रात से दोनों से पूछताछ कर रही है। अब तक जांच में सामने आया है कि राजकुमार यादव ने बेटे के लिए सब इंस्पेक्टर का पेपर खरीदा था। राजकुमार यादव का बेटा भरत यादव भर्ती एग्जाम में पास हो गया था। इसके बाद फिजिकल में फेल हो गया।
अशोक गहलोत के सीएम रहने के दौरान राजकुमार यादव उनकी सुरक्षा में तैनात था। प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद अशोक गहलोत का PSO लग गया था। इन्हें कोर्ट में पेश कर दिया गया है। अब रिमांड पर लिया जाएगा।
पूर्व मंत्री के निजी सचिव से लिया था पेपर राजकुमार यादव पिछली कांग्रेस सरकार में तत्कालीन केबिनेट मंत्री महेंद्रजीत मालवीय के पीएसओ भी रह चुके हैं। मालवीय के निजी सचिव कुंदन कुमार पांड्या से राजकुमार की दोस्ती थी। इस दौरान बाबूलाल कटारा को आरपीएससी सदस्य बना दिया गया था।
कुंदन कुमार पांड्या ने सब इंस्पेक्टर भर्ती का पेपर बाबूलाल कटारा से लेकर अपने दो जानकारों को दिया था। इसमें से एक राजकुमार यादव था। राजकुमार ने अपने बेटे भरत यादव को पेपर दिया। बता दें कि कुंदन कुमार पांड्या को 5 जून को गिरफ्तार किया जा चुका है।