बस से उतरी वृद्धा के आगे-पीछे लग गई चार महिलाएं, चलते-चलते लूट लिया मंगलसूत्र

जबलपुर। बरेला से जबलपुर आ रही दो महिलाएं एम्पायर टाकीज के पास यात्री बस से उतरीं। वह जैसे ही उतरी वहां खड़ी चार महिलाएं एक महिला यात्री के आगे-पीछे चलने लगी। चलते-चलते मौका पाकर चार महिला में से एक ने महिला यात्री (वृद्धा) के गले पर मंगलसूत्र में झपट्टा मार दिया।

लूट के बाद तुरंत चारों महिलाएं एक ई-रिक्शा से वहां से खिसकने लगी। लेकिन महिला यात्री की एक सहयात्री स्वजन की दृष्टि मंगलसूत्र छीनने वाली महिला पर पड़ गई थी।

उसने पीछा कर आरोपित महिला को पकड़ लिया। उसे पुलिस के पास लेकर गई, जहां पीछा करते हुए तीन अन्य आरोपित महिलाएं भी पहुंच गई। पुलिस ने चारों आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

मौका पाकर मंगलसूत्र पर झपट्टा मारा

बरेला निवासी त्रिवेणी रैकवार (70) अपनी देवरानी के साथ गुरुवार की शाम को एक यात्री बस से जबलपुर आ रही थी। दोनों एम्पायर टाकीज मोड़ पर उतरी। जहां पर पहले से छत्तीसगढ़ कोरबा निवासी धन कुमारी गिरी गोस्वामी, संतोष गिरी, सुनीता गिरी और सुनीता उर्फ चांटी गिरी गोस्वामी खड़ी थी।

वृद्धा जैसे ही बस से उतरी चारों महिलाएं उसके आसपास चलने लगी। उन्होंने वृद्धा को लगभग घेर लिया। इसी दौरान मौका पाकर धनकुमारी गिरी ने वृद्धा के गले में मंगलसूत्र पर झपट्टा मारा। उसे मुठ्ठी में छिपा लिया।

ई-रिक्शा रोका और भागने लगी

लूट करते ही आरोपित सहित चारों महिलाएं अलग-अलग हुई। चार कदम पैदल चलकर एक ई-रिक्शा को रोका और उसमें सवार होने लगी। तीन महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हो गई। तभी वृद्धा की देवरानी मंगलसूत्र लूटने वाली धनकुमारी की ओर बढ़ी। उसे खींचकर ई-रिक्शा में चढ़ने से रोक लिया।

उस पर लूट करने का आराेप लगाया। इस पर आरोपित महिला विवाद करते हुए भागने का प्रयास किया। मौके पर जमा भीड़ ने उसके हाथ की बंद मुठ्ठी खुलवाया तो उसमें मंगलसूत्र मिल गया। इस पर भीड़ ने आरोपित महिला की धुलाई शुरू कर दी। तब तक अन्य तीन आरोपित महिला ई-रिक्शा में सवार होकर फरार हो गई

साथी के पीछे-पीछे पहुंची थाने के पास, पकड़ी गई

एम्पायर पर जमा भीड़ लूट की आरोपित महिला को पकड़कर सिविल लाइंस थाने ले गई। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही थी, तभी वृद्धा की महिला स्वजन की दृष्टि थाने से कुछ दूर छिपकर खड़ी तीन महिलाओं पर पड़ी। उनकी वेशभूषा भागी आरोपित महिलाओं की तरह थी।

तभी सिविल लाइंस पुलिस मामले को लेकर पकड़ी गई आरोपित से पूछताछ कर रही थी। वृद्धा की स्वजन ने थाने से कुछ दूर छिपकर खड़ी महिलाओं को संदिग्ध बताया। पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपित को पकड़ लिया।

केंट पुलिस को सौंपे आरोपित, भेजे गए जेल

आरोपितों को पकड़कर भीड़ सिविल लाइंस थाने लेकर गई थी। जहां आरोपितों को पुलिस ने निगरानी में लिया। घटनास्थल केंट थाना क्षेत्र में होने के कारण चारों को केंट पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

केंट थाना में चारो आरोपित महिलाओं के विरुद्ध लूट का मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपितों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां, से उन्हें केंद्रीय कारगार में भेज दिया गया है

Advertisements
Advertisement