छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में 3 युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। बिलासपुर में मोबाइल को लेकर हुए विवाद में युवक ने दोस्त के सीने पर चाकू गोद दिया। वहीं दुर्ग जिले के नेवई में पुरानी रंजिश में 2 युवकों का मर्डर हो गया।
दोनों ही घटना शुक्रवार रात की है। बिलासपुर में शुक्रवार की रात गणेश रजक ने अपने दोस्त दीपक से मोबाइल मांगा, देने से मना करने पर गणेश ने बीच बाजार उसकी जान ले ली। इधर भिलाई के नेवई में दशहरा मंच पर 2 पक्षों में विवाद हुआ था।
पहला केस-
पहला मामला बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रक्षाबंधन पर्व से पहले ये वारदात थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। हमले के बाद दीपक साहू (22) खून से लथपथ सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
कुछ दिन पहले दोनों दोस्त कांवड़ यात्रा में जल चढ़ाने एक साथ झारखंड के बैद्यनाथ धाम गए थे। वहीं से विवाद शुरू हुआ था। दीपक के मोबाइल को गणेश रख लिया था।
चाकू लेकर नशे में दोस्त को ढूंढ रहा था आरोपी
टीआई विवेक पांडेय ने बताया कि, आरोपी गणेश रजक डोंगाघाट का रहने वाला है। मृतक दीपक पचरीघाट के पास रहता था। गणेश रजक शुक्रवार रात शराब के नशे में दीपक साहू को ढूंढ रहा था। तभी उसे पता चला कि दीपक ज्वाली पुल चौक स्थित यादव होटल के पास है। जानकारी मिलते ही गणेश वहां पहुंच गया।
रात करीब साढ़े 9 बजे दीपक होटल के पास खड़ा था। तभी गणेश ने उससे अपना मोबाइल मांगा, जिस पर दीपक ने उसे मोबाइल देने से मना कर दिया। इतने में गणेश ने चाकू निकाल लिया और दीपक के सीने में ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दीपक जमीन पर गिर गया। वहीं, भीड़ जुटते देखकर आरोपी गणेश वहां से भाग निकला।
अस्पताल ले जाते दीपक की हुई मौत
इस वारदात के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने किसी तरह दीपक को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो गई। इधर, हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी गणेश को शनिचरी बाजार में घेराबंदी कर पकड़ लिया।