बुर्का पहनने बोला तो गर्लफ्रेंड ने लगाई फांसी:3 साल से अफेयर, परिजन बोले- मंदिर जाने से रोकता था आरोपी; कमरे में लटकी मिली लाश

सरगुजा जिले में अपने बॉयफ्रेंड से तंग आकर 11वीं में पढ़ने वाली छात्रा ने फांसी लगा ली। बताया जा रहा है दोनों नाबालिग है, उनके बीच 3 साल से लव अफेयर था। लड़का पहले उसके साथ ही पढ़ता था। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी लड़की के परिजनों को थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी प्रेमी उनकी बेटी को मंदिर जाने से रोकता और बुर्का पहनने के लिए दबाव डालता था।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सलका की रहने वाली 16 साल की छात्रा उदयपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह करमा त्योहार में घर आई थी। 9 सितंबर को उसकी लाश घर के कमरे में मिली।

3 सालों से था अफेयर

परिजनों के अनुसार मृतक छात्रा पर प्रेमी दबाव डाल रहा था कि वह मंदिर न जाए और बुर्का पहने। छात्रा की बड़ी बहन ने कहा कि मेरी बहन को उसका मुस्लिम प्रेमी अपने धर्म से जुड़े कपड़े पहनने के लिए देता था। उसकी बहन को जबरदस्ती बात करने के लिए दबाव बनाता था।

फांसी लगाने के पहले भी छात्रा ने अपने प्रेमी से बात की थी। तनाव में आकर उसने फांसी लगा ली। प्रेमी छात्र सलका में ही रहकर पढ़ रहा था। करमा में छात्रा अपने घर वापस आई थी। इस दौरान प्रेमी से प्रताड़ित होकर उसने यह कदम उठाया।

आरोपी को भेजा जाएगा बाल सुधार गृह

वहीं उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि छात्रा और उसका प्रेमी छात्र दोनों साथ में सलका स्कूल में पढ़ते थे। इस बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया था। दो डॉक्टरों की टीम से छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और विसरा प्रिजर्व किया गया है।

पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमी के खिलाफ धारा 108 BNS के तहत कार्रवाई की है। आरोपी नाबालिग है। नाबालिग को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

Advertisements
Advertisement