नागदा शहर के बिरलाग्राम क्षेत्र में स्थित बड़े गणेश मंदिर परिसर में लड़कियों के पहनावे को लेकर लगा पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पोस्टर जुलाई के अंतर में मंदिर परिसर के एक वृक्ष पर लगाया गया था। पिछले सप्ताह इसे हटा लिया गया है। पोस्टर किसने लगाया, इस बारे में मंदिर के पुजारियों को भी कुछ नहीं पता।
बड़े गणेश मंदिर में लगा पोस्टर
बिरलाग्राम क्षेत्र के बड़ा गणेश मंदिर में भगवान शिव, हनुमान और साईं बाबा का भी मंदिर है। मंदिर परिसर बड़ा है और कई वृक्ष लगे हैं। जुलाई के आखिरी सप्ताह में परिसर के ही एक बड़े वृक्ष पर एक बड़ा पोस्टर लगा दिया गया था। इसमें लिखा था कि लड़कियों को छोटे और टाइट कपड़े नहीं पहनने चाहिए। यह भी लिखा गया कि शालीन और मर्यादित कपड़े आपकी बेटी का सुरक्षा कवच है।
पोस्टर के नीचे जनजागरण समिति लिखा गया था। हालांकि यह कोई पंजीकृत समिति नहीं है। ना ही इस संस्था के बारे में किसी पुजारी अथवा नागरिकों को कोई जानकारी है। पुजारियों ने इस संबंध में कुछ भी चर्चा करने से इंकार कर दिया।
सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, नागरिकों ने हटवाया
उक्त पोस्टर इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। गत सप्ताह कुछ नागरिकों ने आपत्ति भी ली। इसके बाद इसे हटा दिया गया। नागदा के ही दशहरा मैदान स्थित एक अन्य मंदिर में भी इस तरह का पोस्टर लगाया गया था। बाद में उसे भी हटा लियागया।