गोण्डा: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाया जा रहा मिशन शक्ति अभियान 5.0 अब गांव-गांव चौपाल तक पहुंच चुका है। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिले के सभी थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारी ‘शक्ति दीदी’ गांवों में जाकर चौपाल लगाकर नारी शक्ति को जागरूक कर रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत व अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय की देखरेख में जिले की एंटी रोमियो टीमें और बीट पुलिस अधिकारी भी गांव-गांव घूमकर महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से सीधे संवाद कर रहे हैं। मिशन शक्ति चौपाल में महिलाओं की शिकायतों को मौके पर ही दर्ज कर उनका निस्तारण किया जा रहा है, ताकि अब महिलाओं को बार-बार थाने न जाना पड़े।
आज जिले के सभी थानों की महिला बीट अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में भ्रमण कर मनचलों और शोहदों को रेड कार्ड थमाया। महिलाओं व बालिकाओं से फीडबैक फॉर्म भरवाकर उन्हें नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी दी गई और स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और न ही उनसे कोई चीज लें।
इसके अलावा महिलाओं और बच्चों को 1090, 181, 102, 108, 1076, 1098, 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध, छेड़छाड़, बाल शोषण और सोशल मीडिया उत्पीड़न से कैसे बचें, इस पर भी विस्तृत चर्चा की गई। गांवों में चौपाल लगाकर मिशन शक्ति 5.0 ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अब नारी शक्ति किसी से कम नहीं। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से गांव की महिलाएं अब पहले से अधिक जागरूक, सुरक्षित और स्वावलंबी बन रही हैं।