जशपुर-कोरिया समेत 25 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट:दुर्ग-बिलासपुर, रायपुर-राजनांदगांव में गरज चमक के साथ बिजली गिरेगी…

आज मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर सकता है। मंगलवार को 75% हिस्सों में पहुंचा था। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तरी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट है। इन छह जिलों में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज और जशपुर शामिल हैं।

Advertisement

वहीं रायपुर-दुर्ग समेत 19 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। बाकी बचे अन्य जिलों में सिर्फ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी है। बारिश के चलते प्रदेश के औसत तापमान में भी 4-5 डिग्री की गिरावट आई है। प्रदेश में सोमवार को 37.4°C डिग्री सेल्सियस के दुर्ग सबसे गर्म रहा।

पिछले 24 घंटे में 20 मिमी औसत बारिश

एक दिन पहले ही कोरबा और रायगढ़ में दोपहर के बाद झमाझम बारिश हुई थी। पिछले 25 दिनों से बस्तर में अटका मानसून रायपुर से होते हुए सरगुजा पहुंचा। वहीं प्रदेश में पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 13 से ज्यादा जिलों के 70 जगहों पर बारिश हुई है। राज्य में 20.86 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है।

16 दिन पहले आ गया था मानसून

इससे पहले छत्तीसगढ़ में नौतपे के बीच मानसून की एंट्री हो गई थी। प्रदेश में मानसून के पहुंचने की नॉर्मल डेट 13 जून है। लेकिन इस बार 16 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी थी।

वहीं 64 साल के इतिहास में ये पहली बार है, जब मानसून मई माह में छत्तीसगढ़ पहुंचा था। इससे पहले साल 1971 में 1 जून को मानसून पहुंचा था

जून में अब तक सामान्य से कम बारिश

अब तक की बात करें तो जून में 33 में से 27 जिले (लगभग 82%) में बारिश सामान्य से कम रही है। सिर्फ 6 जिलों में बारिश सामान्य या उससे अधिक रही है। पूरे राज्य में औसतन 51% वर्षा की कमी है, जो सामान्य से कम मानी जाती है। इस समय मानसून की स्थिति कमजोर है और स्थिति यही रही, तो खरीफ फसलों पर असर पड़ सकता है।

हालांकि मौसम विभाग की माने तो जून का ट्रेंड यही रहा है। शुरुआती 10 से 12 दिन गर्मी बढ़ती है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में बनने वाले लो प्रेशर एरिया या चक्रवातों के चलते मानसून सक्रिय हो जाता है। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है।

पिछले साल के मुकाबले स्थिति बेहतर

हालांकि इस बार की स्थित पिछले साल के मुकाबले बेहतर है। साल 2024 में जून का अधिकतम तापमान 45.7°C था, जो 1 जून को दर्ज किया गया था। जबकि इस साल अधिकतम तापमान अब तक 42 से 43°C के आस-पास ही रहा है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.5°C 19 जून को रिकॉर्ड किया गया था।

पिछले साल जून में पूरे महीने के औसत तापमान की बात करें तो 38.6°C रहा था। वहीं न्यूनतम औसतन तापमान 27.7°C दर्ज किया गया था।

Advertisements