उदयपुर में हॉकी इंडिया के डायरेक्टर जनरल का भव्य स्वागत, हॉकी विकास को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

उदयपुर: हॉकी इंडिया के डायरेक्टर जनरल कमांडर आर.के. श्रीवास्तव का आज उदयपुर आगमन पर होटल चुंडा पैलेस में भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के अवसर पर उदयपुर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विनोद साहू और सचिव जालमचंद जैन ने उन्हें पारंपरिक मेवाड़ी पगड़ी और उपरणा पहनाकर सम्मानित किया और श्रीनाथ जी का प्रसाद भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर जानकारी देते हुए अध्यक्ष विनोद साहू ने बताया कि कमांडर श्रीवास्तव अपने परिवार सहित निजी यात्रा पर उदयपुर पहुंचे हैं। आगमन के समय हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सारस्वत, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Advertisement

बैठक के दौरान उदयपुर और राजस्थान में हॉकी के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। कमांडर श्रीवास्तव ने खासतौर पर जमीनी स्तर पर खेल को मजबूत करने, युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उदयपुर में हॉकी को लेकर युवाओं के जोश और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की।

Ads

बैठक में हॉकी राजस्थान के अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे। चर्चा में खेल के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर गहन विचार किया गया। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने राज्य में हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

कमांडर आर.के. श्रीवास्तव की यह यात्रा भले ही निजी रही हो, लेकिन इससे हॉकी के प्रति जागरूकता और उत्साह में नया जोश देखने को मिला है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से राजस्थान में हॉकी को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उदयपुर जिला ओलंपिक संघ ने विश्वास जताया कि यह मुलाकात हॉकी के भविष्य को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

Advertisements