बिलासपुर में बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काटकर थाने पहुंचाया, आरोपी ने कहा- मां जादू-टोना करती थी और बच्चों की तबियत बार-बार खराब हो रही थी; बैगा ने मां का नाम बताया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जादू-टोने के शक में बेटे ने अपनी मां को कुल्हाड़ी से काट डाला। फिर थाने पहुंचकर खुद को सरेंडर कर दिया। पुलिसकर्मियों से कहा कि, मां जादू-टोना करती है। जिससे बच्चे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। इसलिए हत्या कर दी।

बच्चों के बीमार पड़ने से वो झाड़-फूंक कराने बैगाओं का चक्कर काट रहा था। इसी दौरान किसी बैगा ने उससे कहा था कि, तुम्हारे बच्चों पर किसी ने जादू टोना किया है। वो तुम्हारे परिवार का ही सदस्य है। इसलिए उसका शक मां पर ही था। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, सरवानी गांव के रहने वाले विष्णु केंवट (38) अपनी पत्नी और 4 बच्चों (दो बेटा और दो बेटी) के साथ रहता है। उसकी मां मंटोरा बाई केंवट (55) अपने छोटे बेटे महेश केंवट के साथ रहती थी। शुक्रवार की शाम विष्णु अचानक कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गया।

उसने पुलिस को बताया कि, उसने इसी कुल्हाड़ी से अपनी मां की हत्या कर दी है। यह बात सुनकर पुलिस हैरान रह गई। जिसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर उसके गांव पहुंची। तब उसकी मां की लाश खून से लथपथ उसके घर के पास सड़क पर पड़ी मिली।

बेटा बोला- जादू टोना करने से मना किया, नहीं मानी तो मार डाला

आरोपी विष्णु ने पुलिस को बताया कि, कुछ सालों से उसके बच्चों की तबीयत बार-बार खराब होने से वो परेशान और मानसिक तनाव में था। बच्चों को लेकर डॉक्टर के पास इलाज कराया। साथ ही वैद्य से भी इलाज करा रहा था। इसके बाद भी राहत नहीं मिली, तब वो झाड़-फूंक कराने बैगाओं का चक्कर काटने लगा।

इसी दौरान किसी बैगा ने उससे कहा कि, तुम्हारे बच्चों पर किसी ने जादू टोना किया है। इस कारण वे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। उसने कहा कि जादू टोना करने वाला तुम्हारे परिवार का ही सदस्य है। विष्णु उसकी बातों में आ गया। उसने जादू टोना करने वाले का नाम पूछा। बैगा ने पहले तो उसे नाम बताने की बजाय टाल दिया।

इसके बाद भी विष्णु बार-बार उसके पास जाकर जादू-टोना करने वाले का नाम पूछता रहा। बार-बार पूछे जाने पर बैगा ने बताया कि तुम्हारी मां ही उसके बच्चों पर जादू-टोना कर रही है। विष्णु ने अपनी मां को जादू-टोना करने से मना किया। लेकिन, उसने जानू-टोना करने से साफ मना कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

इस मामले में टीआई उत्तम साहू ने बताया कि, आरोपी अपनी मां पर जादू-टोना करने का शक करता था। उसके मन में अंधविश्वास था। इसी के चलते उसने अपनी मां को कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी। शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम करने के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisements
Advertisement