छत्तीसगढ़ में IG-SP निकले DGP से अमीर: IPS कुकरेजा टॉप पर, जानिए कौन कितनी संपत्ति का मालिक..

छत्तीसगढ़ में 142 IPS अफसर हैं। इन सभी के मुखिया (DGP) अरुण देव गौतम हैं। वहीं अगर संपत्ति की बात करें तो अरुण देव गौतम 50 लाख के मालिक हैं, जबकि इनसे ज्यादा प्रॉपर्टी उनके मातहतों के पास है। अरुण गौतम संपत्ति के मामले में 67 IPS से पीछे हैं। अमीरों में SP, SSP, DIG, IG और ADG शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में सबसे अमीर IPS की बात करें तो भिलाई बटालियन के कमांडेंट राजेश कुकरेजा सबसे धनवान हैं। इनके पास 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें 2 मकान, 1 फ्लैट, 3 दुकान और 6 जमीन हैं। वहीं सबसे कम संपत्ति वाले IPS की बात करें तो लिस्ट में उमेश कुमार गुप्ता का नाम है। इनके पास 11 लाख की संपत्ति है।

वहीं अगर करोड़ और लखपति IPS की बात करें तो 20 IPS के पास 2-5 करोड़, 27 IPS के पास 1-2 करोड़, 17 IPS के पास 50 लाख से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं 20 IPS ऐसे हैं, जिनके पास 11-50 लाख तक की संपत्ति है, जिसमें अरुण देव गौतम भी शामिल हैं। इनके अलावा एक IPS ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा है।

वहीं 20 IPS ऐसे हैं, जिन्होंने संपत्ति की जानकारी नहीं दी है, जिसमें अभिषेक पल्लव भी शामिल हैं। यह जानकारी IPS अफसरों ने गृह मंत्रालय को दी है। सभी की प्रॉपर्टी का ब्योरा खंगाला। प्रदेश के 142 IPS में से कौन सबसे अमीर है? किसके पास कितनी खेती है? किसके पास कितने मकान-प्लॉट और फ्लैट हैं?  

इन IPS के पास 3-5 करोड़ तक की संपत्ति

छत्तीसगढ़ के सबसे ज्यादा अमीर IPS की लिस्ट में राजेश कुकरेजा, तिलक राम कोशिमा, दिपांशु विजय काबरा, ओपी पाल, पवन देव गौतम का नाम भी शामिल हैं। इन सभी के पास 3 करोड़ से 5 करोड़ तक की संपत्ति है।

2 करोड़ से कम संपत्ति वाले IPS में मोहित गर्ग टॉप पर

छत्तीसगढ़ के 27 IPS ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 1 करोड़ से ज्यादा और 2 करोड़ से कम है। इस लिस्ट में IPS मोहित गर्ग, अभिषेक मीणा, राहुल भगत, सदानंद कुमार, विवेकानंद सिन्हा, रतनलाल डांगी भी शामिल हैं।

50 लाख से ज्यादा की संपत्ति वाले IPS, टॉप पर सूरज सिंह

छत्तीसगढ़ के 17 IPS अफसर ऐसे हैं, जिनके पास 50 लाख से ज्यादा संपत्ति है। इस लिस्ट में IPS सूरज सिंह, स्वेता राजमिण, डी रविशंकर, दिव्यांग कुमार पटेल और शशि मोहन सिंह का नाम भी शामिल है।

50 लाख की संपत्ति वाले IPS, टॉप पर अरुण देव गौतम

50 लाख की संपत्ति में पहले नंबर पर डीजीपी अरुण देव गौतम आते हैं। अरुण देव गौतम 1992 बैच के अफसर हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस के मुखिया हैं। इनके पास संपत्ति के नाम पर एक घर है। डीजीपी अरुण देव गौतम से संपत्ति के मामले में 67 IPS आगे हैं।

इन IPS अफसरों ने नहीं दिया संपत्ति का ब्योरा

2013 बैच के IPS अभिषेक पल्लव ने अपनी संपत्ति का ब्योरा केंद्र सरकार को नहीं दिया है। IPS पल्लव अपने वीडियो के अलावा चर्चा में तब आए, जब सीबीआई का छापा उनके घर में पड़ा। IPS पल्लव के अलावा 20 अफसर ऐसे है, जिनकी संपत्ति केंद्र सरकार के पोर्टल में अपडेट नहीं दिख रही है।

Advertisements