Left Banner
Right Banner

जशपुरनगर में एकादशी पर्व पर मंदिरों में दीपों की भव्य जगमगाहट, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने की आरती में भागीदारी

जशपुरनगर जिले में धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुसार एकादशी पर्व का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा-भक्ति के साथ किया गया। श्री जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा में विशेष द्वीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पूरे मंदिर परिसर को दीपों की रोशनी से सजाकर भक्ति का अद्भुत माहौल निर्मित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी उपस्थित होकर भगवान जगन्नाथ की महाआरती में भाग लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।

एकादशी पर्व के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। रथयात्रा के पश्चात शुरू हुए द्वीप प्रज्वलन कार्यक्रम ने स्थानीय परंपरा और धार्मिक मान्यताओं को जीवंत किया। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस दिन दीप प्रज्वलित कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। इस अवसर पर बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और रंग-बिरंगे फूलों से सुंदर मालाओं की सजावट कर उन्हें मंदिर में अर्पित किया। इससे मंदिर परिसर और भी भक्तिमय और मनोहारी बन गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने भक्ति भाव से दीप जलाए और पर्व की गरिमा को और बढ़ाया। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने कार्यक्रम को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत किया, बल्कि बच्चों और युवाओं में परंपरा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई। बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने इसे अपनी धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के उपस्थित होने से इस कार्यक्रम की भव्यता और महत्व और बढ़ गया। दीपों की जगमगाहट, भक्तिमय वातावरण और भक्ति-भाव से भरे इस आयोजन ने जिले में धार्मिक आयोजनों और सामाजिक एकता के महत्व को दर्शाया और सभी के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।

Advertisements
Advertisement