छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भद्री चौक पर गुरुवार सुबह 5 बजे एक हाईवा ने सड़क पर बैठी 10 गायों को कुचल दिया। जिससे सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोसेवक, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।
गौसेवक संघ भद्री के अध्यक्ष दीपक डनसेना ने बताया कि, ड्राइवर ने गायों को देखकर न तो वाहन की रफ्तार कम की और न ही हॉर्न बजाया। आक्रोशित ग्रामीणों और गौसेवकों ने सुबह 6 बजे से भद्री चौक पर चक्का जाम कर दिया। जाम तीन घंटे तक चला।
गौसेवकों ने किया चक्काजाम
इसके बाद फगुरम चौकी प्रभारी सुबह 9 बजे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया गया है। जिसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ।
जल्द एक्शन नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे
गोपाल गो सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक डनसेना ने कहा कि, अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग है कि आरोपी को कड़ी सजा दी जाए। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।