सेवा केंद्रों में अधूरी व्यवस्थाएं, पंडाल से पानी टपक रहा, स्ट्रीट-लाइट बंद

शारदीय नवरात्रि का आज चौथा दिन है। हजारों की संख्या में भक्त माता दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आधिकारिक रूप से प्रशासन ने अलग-अलग समिति सदस्यों के साथ मिलकर कुल 20 सेवा केंद्र की व्यवस्था की है। हालांकि, यह व्यवस्था अधूरी है। वाटरप्रूफ पंडाल बनाने के बाद भी टेंट से पानी टपक रहा है। चलित शौचालय की भी व्यवस्था नहीं है।

वहीं, गीदम दंतेवाड़ा मेन रोड पर हारम से लेकर कारली तक स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। जिन्हें सुधरवाने प्रशासन ने कोई जहमत नहीं उठाई गई है। रात में अंधेरे के बीच ही यहां से पदयात्री गुजर रहे हैं। इसके अलावा सेवा केद्रों में भक्तों के लिए न ही पर्याप्त गद्दे हैं और न ही खाना बनाने के लिए पर्याप्त बर्तन दिए गए हैं। जिससे समिति सदस्यों को भी काफी तकलीफ हो रही है।

जानिए क्या कह रहे समिति सदस्य?

पुराना नाका पारा में स्थित नवयुवक दुर्गोत्सव समिति सेवा केंद्र के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि इस बार प्रशासन की तरफ से कोई खास व्यवस्था नहीं की गई है। लगातार बारिश हो रही है। पंडाल से पानी टपक रहा है। पदयात्रियों को आराम करने में काफी तकलीफ हो रही है। फिर भी हम कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह व्यवस्था को ठीक करवाएं।

वहीं, साईं समिति सेवा केंद्र के अध्यक्ष रविश सुराना का कहना है कि बागमुंडी पनेड़ा से लेकर दंतेवाड़ा तक सबसे बड़ा पंडाल हमारा है। यहां गद्दे की क्षमता लगभग 400 से 500 की है। लेकिन इस बार केवल 100 ही गद्दे दिए गए हैं। आज और भीड़ बढ़ेगी। प्रशासन ने चलित शौचालय की भी व्यवस्था अब तक नहीं करवाई है। ऐसे में भक्तों को थोड़ी असुविधा हो रही है।

20 केंद्रों के लिए 32 लाख खर्च

दरअसल, शारदीय नवरात्रि में बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के लिए टेंपल कमेटी और प्रशासन ने 20 सुविधा केंद्र की व्यवस्था की है। इसके लिए 32 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। फिर भी व्यवस्था अधूरी है। साहू समिति, नाका पारा, साईं समिति, हारम पारा समेत अन्य पंडाल कई सालों से लग रहे हैं। इस बार की व्यवस्था कम है।

स्ट्रीट लाइट खराब

कारली के पास स्ट्रीट लाइट भी खराब है। ऐसे में रात के समय में घुटने के बल और पैदल दंतेवाड़ा जो भक्त जा रहे हैं उन्हें काफी दिक्कतें हो रही है। सामने से आने वाली वाहन भी जब करीब पहुंच रही है तभी उन्हें देख पा रहे हैं। हादसा होने की भी संभावना है।

Advertisements
Advertisement