कटनी में उद्योगपति ने खुदकुशी की: कूल्हे के दर्द से थे परेशान, परिवार से जताई थी जीवन छोड़ने की पीड़ा

कटनी के प्रतिष्ठित उद्योगपति अजय गेई ने गुरुवार रात अपने निवास पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने रेस्ट रूम में खुद को गोली मार ली।

गेई लंबे समय से कूल्हे के दर्द से परेशान थे। उन्होंने नागपुर में ऑपरेशन भी करवाया था। बावजूद तकलीफ कम नहीं हुई। वे ठीक से चल नहीं पा रहे थे। इलाज के लिए उन्हें बार-बार नागपुर जाना पड़ता था।

रात 1 बजे पत्नी और बेटों को बताई थी पीड़ा

घटना से पहले रात करीब 1 बजे अजय गेई ने अपनी पत्नी और बेटों ईशान और योग से अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने कहा कि अब जीने का फायदा नहीं। पत्नी ने उन्हें किसी अच्छे अस्पताल में इलाज कराने का सुझाव दिया। लेकिन वे डिप्रेशन में चले गए थे।

खून से लथपथ जमीन पर मिले

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन रेस्ट रूम की ओर भागे। दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों और नौकरों ने पीछे की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अजय गेई खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले।

परिजन उन्हें पहले डॉक्टर नीरेश जैन और फिर एमजीएम अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Advertisements
Advertisement