बालोद में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में गड़बड़ी:महिला बाल विकास विभाग ने लिमिट से ज्यादा खर्च किए, 8 लाख की जगह 34 लाख व्यय

बालोद जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में गड़बड़ी सामने आई है। साल 2024 में 16 जोड़ों की शादी पर 8 लाख खर्च करने की सीमा थी, लेकिन महिला एवं बाल विकास विभाग ने 33.50 लाख रुपए खर्च किए। यह राशि तय लिमिट से चार गुना अधिक है।

Advertisement

गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने मंत्रालय की रिपोर्ट के हवाले से ये जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि विवाह सामग्री की खरीदी के नाम पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मिलीभगत कर गड़बड़ी कर रहे हैं।

ब्लॉकवार रिपोर्ट: कहीं ज्यादा तो कहीं कम, बिना जांच तैयार हुई रिपोर्ट

बालोद ब्लॉक – 16 जोड़ों की शादी पर 33.50 लाख रुपए खर्च (अंतर – 25.50 लाख)

गुरूर ब्लॉक – 36 जोड़ों पर 18 लाख रुपए खर्च (खर्च समान)

गुंडरदेही ब्लॉक – 66 जोड़ों पर 24.74 लाख रुपए खर्च (अंतर – 8.25 लाख)

डौंडीलोहारा ब्लॉक – 42 जोड़ों पर 14.70 लाख रुपए खर्च (अंतर – 6.30 लाख)

डौंडी ब्लॉक – 74 जोड़ों पर 25.90 लाख रुपए खर्च (अंतर – 11.10 लाख)

8 हजार रुपए आयोजन के नाम पर रखते हैं अफसर

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक जोड़े के लिए अधिकतम 50 हजार रुपए खर्च करने का प्रावधान है। इसमें 35 हजार रुपए वधु को चेक या NEFT के माध्यम से दिए जाते हैं। शेष 15 हजार में से केवल 7 हजार रुपए का ही सामान खरीदा जाता है, जबकि 8 हजार रुपए आयोजन के नाम पर विभागीय अधिकारी रख लेते हैं।

यदि किसी स्थान पर 100 जोड़ों की शादी होती है, तो 8 लाख रुपए इसी मद में चले जाते हैं। शासन स्तर पर ही यह प्रावधान तय किया गया है। जिम्मेदार अधिकारियों का तर्क है कि इस राशि से शादी समारोह की विभिन्न व्यवस्थाएं की जाती हैं, जिसमें भोजन और अन्य सामान शामिल हैं।

सामान खरीदी की आड़ में गड़बड़ी – विधायक निषाद

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि यदि व्यय राशि की रिपोर्ट तैयार करने में आंकड़ों में गड़बड़ी हुई है, तो यह सीधी लापरवाही है। विभाग की रिपोर्ट में कुल जोड़ों की संख्या और खर्च की गई राशि स्पष्ट रूप से दर्ज है। जिससे साफ है कि योजना की आड़ में शासकीय धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। वहीं, विभागीय अधिकारियों का दावा है कि जिला स्तर से सही जानकारी भेजी गई थी, लेकिन आंकड़ों में त्रुटि हो सकती है।

Advertisements