साफ दिखने के बाद भी अज्ञात पर प्रकरण दर्ज करना गलत, करेंगे आंदोलन’… भाजपा पर क्यों भड़के दिग्विजय सिंह

मंदसौर: प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह मल्हारगढ़ विधानसभा के ग्राम खेड़ा खूंटी में संजीत ब्लॉक के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने मंच से प्रशासन को चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठने वाली है। कार्यकर्ता निडर होकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ें, कांग्रेस आपके साथ है।

Advertisement

अपने भाषण के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि “भाजपा के मंत्री, नेता देश व सेना के खिलाफ गलत बयानबाजी खुद कर रहे हैं। जानबूझकर बयान देते हैं और देश का माहौल खराब करते हैं। संजीत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर धाकड़ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला करते हैं।”

साथ ही उन्होंने कहा कि “वीडियो में अपराधी साफ दिखाई दे रहे हैं, तब भी पुलिस ने अज्ञात लोगों पर प्रकरण दर्ज किया है। यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बनाए फर्जी प्रकरण वापस नहीं लिए तो एक माह बाद जन आंदोलन शुरू करेंगे।” बता दें कि सम्मेलन में दिग्विजय सिंह मंच पर नहीं बैठे, बल्की कार्यकर्ताओं के बीच ही बैठे। वहीं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर नेता व कार्यकर्ता के साथ खड़ी है।

गुरुवार को दिग्विजय सिंह काचरिया चौपाटी पर स्व. मनोहर सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। पिछले माह बिना मुंडेर के कुएं में गिरी कार में सवार लोगों में से चार की जान बचाने के दौरान मनोहर सिंह की मृत्यु हो गई थी। नाहरगढ़ में बबलू मंसूरी के निवास पर भी पहुंचे। पिछले वर्ष सितंबर में बारिश के शिवना नदी में बहे पति-पत्नी व मासूम को बचाने में मंसूरी की मृत्यु हो गई थी। मुख्यमंत्री ने दोनों बहादुरों की प्रशंसा भी की।

 

Advertisements