जबलपुर: जिले के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंती नगर चौकी इलाके में पुरानी दुश्मनी के चलते जीजा-साले पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई है। इस वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, रजिस्ट्री ऑफिस के सामने परसवाड़ा निवासी यशवंत पटैल (24 वर्ष), जो कि मजदूरी का कार्य करता है, अपने घर के बाहर खड़ा था।
तभी अर्जुन गोटिया और रूपम बर्मन नामक दो युवक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उससे गाली-गलौज करने लगे। जब यशवंत ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान अर्जुन गोटिया ने चाकू से यशवंत की दाहिनी भुजा पर वार कर दिया।
विवाद के बीच-बचाव के लिए यशवंत का जीजा अंकित ठाकुर, श्रेयांश पटैल और ललित कहार मौके पर पहुंचे। लेकिन बीच-बचाव करते वक्त रूपम बर्मन ने अंकित ठाकुर पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट आई। हमले के बाद दोनों आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंती नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि घटना पुराने विवाद के कारण हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।