बातों-बातों में दुकान से उड़ाए 1.65 लाख के गहने, ज्वेलरी चुराने वाली अंतरराज्यीय बुर्का गैंग गिरफ्तार

बड़वानी। जिले के सेंधवा में एक सराफा दुकान पर बातों-बातों में लाखों की ज्वेलरी चोरी मामले में पुलिस ने पर्दाफाश किया। इस मामले में एसपी जगदीश डावर के निर्देशन में आपरेशन हवालात के तहत पुलिस ने तीन आरोपितों को धरदबोचा। इसमें एक युवक सहित उसकी पत्नी और सास को गिरफ्तार किया।

यह है पूरा घटनाक्रम

सेंधवा शहर टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि चोरी की घटना के बाद रफू चक्कर होने के लिए उपयोग की जाने वाली कार भी बरामद की। गहने चोर आरोपित इतने शातिर थे कि चोरी करते ही चंद मिनटों में मौके से भाग निकलते थे। सेंधवा में चोरी की घटना के बाद युवक गुजरात की ओर भाग निकला, तो उसकी पत्नी व सास महाराष्ट्र की ओर रवाना हुई थी।। टीम गठित कर आरोपितों की तलाश की।

पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें संदिग्ध कार में बुर्का पहने हुए महिलाएं दिखीं।

इसके बाद महाराष्ट्र और गुजरात के सीसीटीवी कैमरों और बड़वानी साइबर सेल के सहयोग से आरोपितों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी बिसेन के मुताबिक यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है।

पकड़े गए आरोपितों के नाम मकसूद, नाजिया और रजिया हैं।

मकसूद और नाजिया पति-पत्नी हैं। जबकि रजिया नाजिया की मां और मकसूद की सास है।

तीनों ने ज्यादातर गुजरात और महाराष्ट्र में वारदात की है। आरोपियों की पहचान के लिए करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल गए और एक दिन में 1000 किमी का सफर तय किया गया।

मकसूद को सूरत के बारडोली से, तो नाजिया खान और रजिया बी शेख को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। इस गैंग की लीडर 52 वर्षीय महिला रजिया है।

उसके खिलाफ नागपुर चंद्रपुर-महाराष्ट्र और वापी-गुजरात में चोरी के सात केस दर्ज है। जबकि मकसूद के खिलाफ सूरत, वापी, वड़ोदरा, नागपुर, चंद्रपुर में चोरी के पांच केस दर्ज है।

Advertisements
Advertisement