छत्तीसगढ़ के मुंगेली में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में यह यात्रा लोरमी के ग्राम डिंडौरी से ग्राम बटहा तक निकाली गई। कार्यक्रम में 101 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण रहा।
जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक इस यात्रा में शामिल हुए। बीजेपी युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारों के साथ लोरमी की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल बनाया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य है कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है।
बरेला और सेतगंगा में भी निकाली गई यात्रा
मुंगेली विकासखंड के ग्राम बरेला और सेतगंगा में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हिस्सा लिया। विधायक मोहले ने लोगों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
बता दें कि यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आमजनों में देशभक्ति की भावना विकसित करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है।