भाजपा की छोटी टोली से ज्योतिरादित्य सिंधिया और ग्वालियर-चंबल अंचल नदारद

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में इन दिनों एक अलग ही रंग दिख रहा है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सरकार और संगठन के बीच समन्वय व निर्णय के लिए एक छोटी टोली गठित की है लेकिन इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित ग्वालियर- चंबल अंचल का प्रतिनिधित्व ही नहीं है। यह भले ही सामान्य बात लगे लेकिन राजनीतिक संकेत कह रहे हैं कि अंदरखाने कुछ गड़बड़ है। इसके और कई कारण भी हैं। कैबिनेट बैठक में ज्योतिरादित्य समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का ग्वालियर की उपेक्षा के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेना और शनिवार को अशोकनगर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गुना- शिवपुरी के पूर्व सांसद केपी यादव के साथ कार्यक्रम साझा करना चौंकाने वाला रहा। केपी यादव वही हैं, जो ज्योतिरादित्य से नाराज होकर वर्ष 2019 में भाजपा में आए थे और ज्योतिरादित्य को ही लोकसभा चुनाव में हराया था। इस तरह कांटे से कांटा निकालने की बात भी इस राजनीतिक कहानी में फिट बैठ रही है।

बता दें, भाजपा ने नौ बड़े नेताओं की छोटी टोली बनाई है। यह समय-समय पर बैठकर सत्ता-संगठन से संबंधित मुद्दों पर निर्णय करेगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (मध्य भारत अंचल), उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल (विंध्य अंचल) व जगदीश देवड़ा (मालवा अंचल), मंत्री प्रहलाद पटेल (महाकोशल), कैलाश विजयवर्गीय (मालवा) व राकेश सिंह (महाकोशल) और संगठन महामंत्री हितानंद

मध्य प्रदेश की राजनीति में ग्वालियर-चंबल अंचल का हमेशा से दबदबा रहा है। वर्ष 2020 में जब ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा में आए तो तत्कालीन शिवराज कैबिनेट में भी इसी अंचल के नेताओं का बोलबाला हो गया था। अब एकदम स्थिति बदल गई है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जयभान सिंह पवैया, पूर्व मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, अनूप मिश्रा, यशोधरा राजे सिंधिया जैसे नेताओं वाले अंचल से भाजपा की छोटी टोली में किसी को न लिया जाना चौंकाता है।

Advertisements
Advertisement