Kuno Cheetah: मादा चीता ‘नभा’ की मौत, कूनो में अब बचे 26 चीते

ग्वालियर: कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाई गई आठ वर्षीय मादा चीता नभा की आज, 12 जुलाई 2025 को मौत हो गई। वह एक सप्ताह पहले अपने सॉफ्ट रिलीज बोमा में घायल अवस्था में पाई गई थी। माना जा रहा है कि यह चोट उसे शिकार के प्रयास के दौरान लगी थी।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, नभा के दोनों बाएं पैरों आगे का अलना और पिछले का फिबुला फ्रैक्चर हो गया था। इसके अलावा भी उसके शरीर पर अन्य चोटें पाई गई थीं। पिछले एक सप्ताह से उसका इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल कूनो नेशनल पार्क में अब कुल 26 चीते हैं, जिनमें 9 वयस्क (6 मादा और 3 नर) और 17 भारतीय जन्में शावक शामिल हैं। सभी चीते स्वस्थ हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा, गांधीसागर अभयारण्य में दो नर चीते भी हैं, जो पूरी तरह स्वस्थ हैं।

कूनो में मौजूद 26 चीतों में से 16 अब खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं और पार्क के वातावरण के साथ पूरी तरह अनुकूलित हो चुके हैं। उन्होंने सह-शिकारियों के साथ रहना और नियमित रूप से शिकार करना भी सीख लिया है। हाल ही में सभी चीतों को एंटी एक्टो-परजीवी दवा दी गई है, जो सफल रही।

वहीं, दो मादा चीते वीरा और निर्वा अपने-अपने शावकों के साथ स्वस्थ हैं और अच्छी स्थिति में हैं।

Advertisements