कुरुद: छत्तीसगढ़ में नगर पालिका परिषदों की संख्या बढ़ने जा रही है,और इस दिशा में कुरुद नगर पंचायत को नगर पालिका परिषद बनाने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के बाद मंत्रालय स्तर पर आवश्यक पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ राजपत्र में जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत कुरुद की सीमाएं ही प्रस्तावित नगर पालिका की सीमाएं होंगी।
कुरुद को नगर पालिका का दर्जा मिलना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि यह क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं की पूर्ति है। यह उपलब्धि पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान विधायक अजय चंद्राकर की दूरदृष्टि, सक्रिय पहल और सतत प्रयासों का परिणाम है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार कुरुद की आबादी 13,783 थी, जो नगर पालिका के मानकों के अनुरूप है। दर्जा मिलने से न केवल विकास कार्यों के लिए अधिक बजट उपलब्ध होगा, बल्कि जनसुविधाओं में भी व्यापक सुधार की उम्मीद है। यह कदम नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यरत परिषद के लिए अब तक की सबसे बड़ी सौगात साबित होगी।
World War 3 will be for language, not land! pic.twitter.com/0LYWoI3K0r
— India 2047 (@India2047in) July 4, 2025
मुख्यमंत्री को सौंपा गया था प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने 5-6 मई को रायपुर में आयोजित कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव सौंपा था। इस प्रस्ताव में कुरुद को नगर पालिका बनाए जाने के लिए आवश्यक दस्तावेज संलग्न थे। उनके तर्कों और प्रमाणिक दस्तावेजों से प्रभावित होकर दोनों प्रमुखों ने शीघ्र निर्णय का आश्वासन दिया था। उसके बाद नगरीय प्रशासन विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अधिसूचना जारी कर दी गई।
अब 21 दिनों के भीतर मांगी गई आपत्तियां और सुझाव
जारी अधिसूचना के अनुसार, अब आगामी 21 दिनों के भीतर संबंधित प्राधिकरण या व्यक्ति अपने सुझाव या आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद अगस्त माह में कुरुद को नगर पालिका का दर्जा मिलने की पूरी संभावना है।
अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने जताई उम्मीद
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि परिषद की पहली बैठक में ही पालिका बनाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया था। विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन और निरंतर फॉलोअप के चलते शासन-प्रशासन ने तेजी से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही अधिसूचना के बाद शासन की ओर से अधिकृत घोषणा की जाएगी और कुरुद को नगर पालिका का दर्जा प्राप्त होगा।