पेट में कोहनी का वार, मजदूर की मौत: उदयपुर पुलिस ने 48 घंटे में यूपी से दबोचा हत्यारा!

उदयपुर: बड़गांव थाना क्षेत्र के मीराज मोरवानिया कैंप में दो मजदूरों के बीच हुए झगड़े में एक मजदूर की मौत के बाद, उदयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान विजय सिंह (45) निवासी जिनौल, फर्रुखाबाद (यूपी) के रूप में हुई है.

Advertisement

घटना 26 मई 2025 की शाम करीब 8 बजे की है, जब मोरवानिया कैम्प में विजय सिंह और रोहित यादव (25) निवासी बढ़ार, फर्रुखाबाद (यूपी) आपस में बातचीत कर रहे थे। किसी बात पर बहस होने के बाद रोहित यादव ने विजय सिंह को नीचे पटक कर जान से मारने की नियत से उनके पेट पर कोहनी से वार किया। ठेकेदार धीरज कुमार और अन्य मजदूरों के बीच-बचाव के बाद उन्हें अलग किया गया। विजय सिंह अचेत हो गए, जिन्हें पानी पिलाकर सुला दिया गया.

27 मई को विजय सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमबीजीएच उदयपुर में भर्ती कराया गया, जहां 28 मई की रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के भतीजे मोनू ठाकुर ने बड़गांव थाने में रोहित यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एक पुलिस टीम हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रिंकेश कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होकर आरोपी रोहित यादव को उसके निवास स्थान के पास से हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित यादव ने आपसी बातचीत के दौरान गाली-गलौज करने पर आवेश में आकर विजय सिंह के पेट और सीने पर लातों और कोहनी से वार किए थे, जिससे आंतरिक चोटें आईं और पेट के अंदरूनी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.

Advertisements