बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म जॉली LLB 3 पर रिलीज़ से पहले ही विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म के लीड एक्टर्स अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ-साथ मेकर्स को पुणे कोर्ट ने नोटिस भेजा है। आरोप है कि फिल्म में न्यायपालिका और वकीलों की छवि का मजाक उड़ाया गया है। इसी मामले में अब मुंबई में भी शिकायत दर्ज की गई है।
मुंबई के वकीलों ने फिल्म के टीजर पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इसमें अदालत की गरिमा और वकीलों का अपमान किया गया है। वकीलों ने सेंसर बोर्ड (CBFC) से फिल्म की रिलीज़ रोकने और इसे दोबारा सेंसर करने की मांग की है। बॉम्बे हाई कोर्ट के एडवोकेट आशीष राय और पंकज मिश्रा ने आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 19 सितंबर को रिलीज होने वाली फिल्म में वकीलों को जोकर की तरह दिखाया गया है। टीजर में अदालत के अंदर दोनों वकील आपस में लड़ते हुए दिखाई देते हैं और जज को ‘मामू’ कहकर संबोधित किया जाता है, जो कोर्ट की गरिमा का सीधा अपमान है।
इससे पहले पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने भी याचिका दायर की थी। उन्होंने कहा कि फिल्म कानूनी व्यवस्था और अदालती कार्यवाही का मजाक बनाती है। कोर्ट ने इस मामले में अक्षय कुमार और अरशद वारसी को 28 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया है।
फिल्म जॉली LLB 3 को लेकर फैंस उत्साहित हैं, लेकिन कानूनी विवाद के कारण इसकी रिलीज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।