तेंदुए ने गाय का किया शिकार! गांव में मचा हड़कंप, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

उत्तर वन मंडल के भौंरा रेंज के ग्राम मालई में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। गुरुवार रात तेंदुए ने गांव में एक गाय का शिकार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास सर्चिंग की। गांव में कई जगह तेंदुए के पगमार्क भी मिले हैं।

कैसे हुआ हमला?

मिली जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात भौंरा रेंज के अंतर्गत आने वाली धार बीट के मालई गांव में प्रहलाद यादव की गाय को तेंदुए ने निशाना बनाया। हमले में गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने शोर सुना और मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया था।

पहले भी दिखा था तेंदुआ

ग्रामीणों के अनुसार, 29 जुलाई को भी तेंदुआ गांव में दिखाई दिया था। उस समय वन विभाग को सूचना दी गई थी और रात में सर्चिंग की गई थी। इसके दो दिन बाद तेंदुए ने गाय का शिकार कर दिया।

वन विभाग की कार्रवाई

वन विभाग की टीम ने पंचनामा कार्रवाई करने के बाद आर्थिक सहायता का प्रकरण बनाया है। टीम ने गांव के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया, जहां कई जगह तेंदुए के पगमार्क पाए गए।

क्यों बढ़ रही है आवाजाही?

भौंरा रेंज के जंगल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की सीमा से लगे हुए हैं। इसी कारण यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में सतर्क रहने और खेतों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

Advertisements