मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में एक सरकारी महिला कर्मचारी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने महिला के घर के बाथरूम की वेंटिलेशन की जाली हटाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
महिला 9 जुलाई की रात जब बाथरूम में थी, तभी उसकी नजर ऊपर पड़ी जहां वेंटिलेशन की जाली हटी हुई थी। उसने देखा कि कोई व्यक्ति वहां से मोबाइल कैमरे के जरिए उसका वीडियो बना रहा था। महिला ने तुरंत शोर मचाया और उस युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
परेशान होकर थाने पहुंची पीड़िता, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
घटना के बाद लगातार धमकियों से परेशान होकर महिला ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
घटना से क्षेत्र में सनसनी, महिला कर्मचारियों में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और महिला कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।