मऊगंज की सड़कों पर उमड़ा कांग्रेस का जनसैलाब : तिरंगा यात्रा और कैंडल मार्च से गूंजा लोकतंत्र बचाने का संदेश, चुनाव आयोग पर लगाया धांधली का आरोप – जल्द होगा जेल भरो आंदोलन.
सोमवार की रात मऊगंज की सड़कों पर कांग्रेस पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा और कैंडल मार्च चाक मोड़ तक पहुंची, जहां देशभक्ति के नारों और लोकतंत्र बचाने के संकल्प से पूरा माहौल गूंज उठा.
इस आयोजन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना, पूर्व जिला अध्यक्ष पद्मेश गौतम और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरिलाल कोल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाया। युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, जनपद पंचायत हनुमना अध्यक्ष गोविंद तिवारी और पार्षद विश्वनाथ मिश्र सहित कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित किया गया था, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और तिरंगे लिए कार्यकर्ताओं ने जब नारे लगाए तो पूरा मऊगंज “लोकतंत्र बचाओ” की आवाज से गूंज उठा.
यात्रा के समापन पर पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप लगाते हुए कहा – “यह तिरंगा यात्रा सिर्फ सांकेतिक प्रदर्शन है, जल्द ही कांग्रेस कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन की तैयारी करेंगे।” उन्होंने कहा कि जनता के साथ अन्याय और लोकतंत्र की हत्या को कांग्रेस किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.
मऊगंज की सड़कों पर तिरंगे की लहर और मोमबत्तियों की जगमगाहट ने यह साफ कर दिया कि कांग्रेस आने वाले समय में आंदोलन की राह पर है. नेताओं ने जनता से अपील की कि वे इस संघर्ष में कांग्रेस का साथ दें ताकि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जा सके.