नाबालिग से रेप मामले में बढ़ी महंत सरजूदास की मुश्किलें:जोधपुर हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया; SP को आदेश-पेश करें

दिसंबर 2022 में भीलवाड़ा के मांडल थाने में 17 साल की लड़की ने डांग हनुमान मंदिर के महंत सरजू दास (35) पर डेढ़ साल से रेप करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में DJ कोर्ट ने महंत को बरी कर दिया था। बरी किए जाने के बाद पीड़िता की ओर से जोधपुर हाईकोर्ट में डीजे कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई। हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए अब महंत के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। भीलवाड़ा पुलिस एसपी को आरोपी को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया गया है।

आश्रम में नाबालिग से लगातार रेप, मां पर एसिड अटैक के आरोप

3 साल पहले मामला सुर्खियों में आया। भीलवाड़ा के मांडल थाना इलाके के डांग हनुमान मंदिर आश्रम के महंत सरजू दास के खिलाफ मांडल थाना में 18 दिसंबर 2022 को 17 साल की लड़की ने आश्रम में डेढ़ साल तक रेप करने का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज कराने से 10 दिन पहले लड़की की मां पर एसिड अटैक हुआ था। लड़की ने यह अटैक कराने का आरोप भी महंत पर लगाया।

लड़की ने रिपोर्ट में बताया था कि वह और उसकी मां आश्रम में काम करते थे। वहां काम करने वाले बच्चों को दूसरे काम में लगाकर महंत मौका पाकर रेप करता था। वह उसे महाराष्ट्र के जलगांव आश्रम भी ले गया, वहां भी रेप किया। यह बात उसने वहां काम करने वाले युवक को बताई थी। डर से लड़की ने किसी को नहीं बताया। बाद में उसने अपनी सहेली को बताया तो हड़कंप मच गया।

रिपोर्ट दर्ज होने के 10 दिन बाद 28 दिसंबर 2022 को पुलिस ने आरोपी को आश्रम से गिरफ्तार कर दिया था। इसी बीच उसने जहरीला बीज खा लिया था। उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। गंगापुर (भीलवाड़ा) न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे 2 जनवरी 2023 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। इसके बाद से वह जेल में बंद था।

हाल ही डीजे कोर्ट (भीलवाड़ा) ने उसे 26 जून 2025 को सभी आरोपों से बरी किया था। पीड़िता के वकील नीरज कुमार गुर्जर ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट के जज फरजंद अली ने अपील को सुनवाई योग्य माना।

Advertisements