मैहर: बारिश के दौरान बिजली सुधारते समय करंट लगने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस

मैहर: जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय संपत लोनी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब हल्की बारिश के बीच घर की बिजली खराब हो जाने पर संपत स्वयं उसे सुधारने का प्रयास कर रहा था। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे बिजली सुधारते समय संपत कटे हुए विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट का झटका लगा और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।

Advertisement

गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने संपत को बेहोशी की हालत में पाया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल निजी वाहन से रामनगर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Ads

घटना की सूचना रविवार दोपहर तब सामने आई, जब संपत का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। रामनगर थाना प्रभारी विजय कुमार परस्ते ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई है और मामले की जांच जारी है।

Advertisements