मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल अमरकंटक के नर्मदा नदी के रामघाट पर बने रामसेतु में आज शाम तेज हवा के झोंके के कारण तड़ित चालक नीचे गिर गया। इस दौरान रामसेतु को देख रहे अनूपपुर निवासी 35 वर्षीय कृष्णकांत उईके गंभीर रूप से घायल हो गए।
युवक के दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक में भर्ती कराया गया और बाद में अनूपपुर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, कृष्णकांत उईके रामसेतु देखने के लिए सेतु पर घूम रहे थे। तभी तड़ित चालक, जो पाये के ऊपरी हिस्से में लगभग 1 इंच फंसा हुआ था, तेज हवा के झोंके से नीचे गिर गया और सीधे उनके कंधे पर आ पड़ा।
12 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण
रामसेतु का निर्माण मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम भोपाल द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है और इसका उद्घाटन रीवा संभाग में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। इस घटना से रामसेतु में लगे तड़ित चालक की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ गए हैं। सौभाग्य रहा कि इस दौरान रामसेतु में भारी भीड़ नहीं थी, अन्यथा यह और भी गंभीर हादसा हो सकता था।