राजस्थान के जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2025(Miss Universe India 2025) का विजेता घोषित कर दिया गया है। इस प्रतियोगिता का ताज मनिका विश्वकर्मा के सिर सजा। मनिका मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर की निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली में मॉडलिंग करती हैं।
मनिका इससे पहले मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 के लिए भी चुनी गई थीं। अब वे इस साल के अंत में थाईलैंड में आयोजित 74वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। जीत के बाद मनिका ने अपनी खुशी व्यक्त की और अपने मेंटर्स का धन्यवाद किया।
मनिका ने कहा, “मेरी यात्रा गंगानगर से शुरू हुई और दिल्ली में प्रतियोगिता की तैयारी की। हमें आत्मविश्वास और साहस जगाने की जरूरत होती है। सभी ने मेरी इसमें मदद की। प्रतियोगिता सिर्फ एक क्षेत्र नहीं है, यह अपने आप में एक दुनिया है जो व्यक्ति के चरित्र को निखारती है।”
अभिनेत्री और जूरी सदस्य उर्वशी रौतेला ने कहा, “प्रतियोगिता बहुत कठिन थी, लेकिन विजेता हमारे बीच हैं। यह मेरी 10वीं वर्षगांठ भी है। हमें खुशी है कि हमें हमारी विजेता मिल गई हैं। वे मिस यूनिवर्स में हमें गौरवान्वित करेंगी।”
मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 की विजेता रिया सिंघा ने भी मनिका की तारीफ की और कहा कि उन्होंने 50 अन्य प्रतियोगियों के बीच शानदार प्रदर्शन किया। रिया ने मनिका को थाईलैंड में होने वाली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।