गुना में हेलिकॉप्टर से आई बारात:भोपाल के सिविल इंजीनियर की शादी के लिए चाचौड़ा में बनाया हेलीपैड

गुना जिले के चांचौड़ा इलाके में आई एक बारात चर्चा का केंद्र रही। भोपाल का इंजीनियर दूल्हा अपनी दुल्हनिया को लेने हेलिकॉप्टर से आया। दूल्हे के पिता सरपंच हैं, तो वहीं दुल्हन के पिता पूर्व सरपंच हैं। शुक्रवार सुबह दूल्हा हेलिकॉप्टर से अपनी दुल्हन को विदा करा कर ले गया।

Advertisement

दरअसल, भोपाल के मुबारकपुर निवासी सरपंच रघुवीर सिंह मारन के बेटे यशवंत की शादी गुना जिले के चांचौड़ा इलाके के जयसिंह पुरा के रहने वाले भगवान सिंह मीणा की बेटी हेमलता से तय हुई थी। यशवंत पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। उनके पिता सरपंच है। वहीं हेमलता के पिता जयसिंह पुरा के पर सरपंच रहे हैं। गुरुवार को शादी समारोह का आयोजन किया गया था।

यशवंत गुरुवार को अपनी बारात लेकर जयसिंह पुरा पहुंचे। वह हेलीकॉप्टर से बारात लेकर आए। हेलिकॉप्टर के लिए चांचौड़ा के एक खुले मैदान में हेलीपैड बनाया गया था। गुरुवार शाम को हेलिकॉप्टर ने चांचौड़ा में लैंड किया।

शुक्रवार सुबह हुई दुल्हन की विदाई

इसके बाद हेलीपैड से मैरिज गार्डन तक सजी धजी गाड़ियों और घोड़ी से बारात पहुंची। यहां लड़की वालों ने पुष्प वर्षा कर बारात की अगवानी की। गुरुवार रात को वरमाला हुई। वहीं शुक्रवार अलसुबह तक शादी की रस्में चलती रहीं। शुक्रवार सुबह दुल्हन की विदाई हुई। रस्में पूरी होने के बाद यशवंत अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर से विदा करा कर भोपाल ले गए।

ग्रामीणों में इस शादी की खासी चर्चा रही। गुरुवार शाम को ही बड़ी संख्या में ग्रामीण हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर देखने के लिए पहुंच गए थे। वहीं शुक्रवार सुबह विदाई के समय भी बड़ी संख्या में ग्रामीण हेलीपैड पर विदाई देखने पहुंचे। सुबह लगभग 7 बजे हेलिकॉप्टर ने भोपाल के लिए उड़ान भरी। लगभग 3 लाख रुपए किराए से हेलीकॉप्टर बुक किया गया था। चांचौड़ा में यह पहला मौका था जब कोई बारात हेलिकॉप्टर से आई थी।

 

Advertisements