किराए के मकान में शादीशुदा महिला ने लगाई फांसी:मायके वालों का आरोप-पति ने पीटा, सुसाइड नहीं हत्या है, युवक ने की थी दूसरी शादी

छ्त्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक शादीशुदा महिला ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला के परिजनों का आरोप है कि उसके पति ने उसकी पिटाई की थी। उनकी बेटी से पहले भी उस युवक की एक और पत्नी है। यह सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है। इधर, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम खुशबू मौर्य है। करीब साल भर पहले इसने जॉन कश्यप से लव मैरिज की थी। शादी के बाद खुशबू अपने पति जॉन के साथ बिरिंगपाल में एक किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले जॉन अपने कुछ दोस्तों को घर लेकर आया था। उसी दौरान खुशबू ने जॉन के एक दोस्त को राखी भी बांधी थी। इसके बाद जॉन अपने दोस्तों के साथ घर से बाहर चला गया था।

पति ने देखी लाश

वहीं जब जॉन घर से बाहर था, तब उसने खुशबू को कई बार कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। जब जॉन वापस घर लौटा, तो कमरे में उसे खुशबू की लाश फंदे से लटकी मिली। उसने तुरंत किसी तरह शव को नीचे उतारा और डिमरापाल मेडिकल कॉलेज लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अब खुशबू के मायके वालों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताया है। उनका आरोप है कि जॉन ने यह बात छिपाई थी कि वह पहले से शादीशुदा है। उसने उनकी बेटी को गुमराह कर प्यार के जाल में फंसाया और फिर शादी की। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने जब अपनी बेटी से लास्ट टाइम बात की थी, तब वह काफी परेशान थी।

पुलिस बोली- जांच कर रहे

खुशबू के परिजनों ने बताया कि उसने बातचीत में बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। अब परिजन युवक के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।

इस मामले में परपा थाना प्रभारी मोहम्मद तारीक ने बताया कि युवक फिलहाल पुलिस की हिरासत में है। मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजन मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट रूपसे कुछ कह पाएंगे।

 

Advertisements