Vayam Bharat

ट्रेन से लापता विवाहिता से इंदौर में दुष्कर्म, बच्चों को मारने की धमकी देकर ले गया था रिश्तेदार

भिंड की एक शादीशुदा महिला के साथ इंदौर में रेप का मामला सामने आया है। महिला को ससुराल से वापस मायके घर जाते समय उसकी भाभी के रिश्तेदार का कॉल आया। उसने सुसाइड का डर दिखाकर महिला को रास्ते में ही ट्रेन से उतरवा लिया और इंदौर लाकर उसके साथ रेप किया।

Advertisement

पीड़िता ने यह बात अपनी सहेली को बताई। इसके बाद पति और परिवार से संपर्क कर महिला को विदिशा के थाने ले जाया गया। यहां पर महिला के बयान के बाद इंदौर पुलिस को केस ट्रांसफर किया गया।

एमआईजी पुलिस ने रतवा ग्राम जिला भिंड की रहने वाली 27 साल की महिला की शिकायत पर महेन्द्र सिंह कुशवाह के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया है। आरोपी पीड़िता की ही भाभी का रिश्तेदार है। पीड़िता के मुताबिक 20 अप्रैल को वह अपने ससुराल से बच्चों को लेकर विदिशा जिले के तवक्कलपुर स्थित मायके गई थी।

तीन दिन बाद ट्रेन से वापस ससुराल आ रही थी। तभी महेन्द्र का कॉल आया। उसने कहा कि तुम मिले बिना क्यों जा रही हो। मुझसे मिलने आओ। नहीं तो मैं सुसाइड कर लूंगा। इसके बाद पीड़िता बीना स्टेशन पर उतर गई। यहां महेन्द्र आया और साथ चलने के लिए कहा। पीड़िता ने पहले इनकार किया।

लेकिन उसने भरोसा दिलाया कि थोड़ी देर बाद ससुराल चली जाना। इसके बाद महेन्द्र ने दूसरी गाड़ी में बैठाया और इंदौर लेकर आ गया। रास्ते में उसने बातों-बातों में मोबाइल लेकर अपने पास रख लिया।

इंदौर पहुंचने के बाद पीड़िता बच्चों को लेकर एमआईजी इलाके की एक कॉलोनी में रहने वाली सहेली के घर चली गई। आरोपी महेन्द्र पीड़िता का मोबाइल साथ लेकर अपने भाई के घर चला गया। पीड़िता की सहेली दोपहर में काम पर चली गई।

तब महेन्द्र मिलने के लिए पहुंचा और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर जबरन संबंध बनाए। इसके बाद वह दो-तीन बार और वहां आया और संबंध बनाए। 29 अप्रैल को पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए सहेली को महेन्द्र के बारे में बताया।

इसके बाद पीड़िता की सहेली ने उसके पति से बात कर घटनाक्रम के बारे में बताया। 30 अप्रैल को पीड़िता को ट्रेन में बैठाकर पति के पास भेजा। इसके बाद पति ने ससुराल के अन्य लोगों को पूरे मामले की जानकारी दी और महेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज कराया।

ससुराल के लाेग कर रहे थे तलाश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच पीड़िता इंदौर के एमआईजी इलाके में रही। इस दौरान रास्ते से लापता होने के चलते ससुराल के लोग उसकी तलाश करते रहे। ससुराल के लोगों ने इस बीच मायके से भी संपर्क किया।

पीड़िता के मायके पक्ष के लोगों ने स्थानीय थाने से भी संपर्क किया। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।

Advertisements