एक ही परिवार के लोगों पर कुल्हाड़ी-तलवार से हमला, पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया

उदयपुर: ज़िले के झाडोल थाना क्षेत्र स्थित वेलनिया गांव में 21 मई 2025 को हुए एक जानलेवा हमले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हमले में परिवादी गणपत सिंह सहित उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Advertisement

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 मई की सुबह लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच, गणपत सिंह के घर पर धनसिंह, कुबेर सिंह राजपूत, नाहर सिंह, गोपाल सिंह, गीता कंवर, कमला कंवर, नरेन्द्र सिंह, गोपाल सिंह और खुमाण सिंह पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। उसी दौरान जब गणपत सिंह झाडोल से अपने घर लौटे, तो इन लोगों ने उन पर कुल्हाड़ी, तलवार, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया।

गणपत सिंह के परिजन गजेंद्र सिंह, मनोहर सिंह, तेज सिंह और सेतु जब उन्हें बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवादी का आरोप है कि यह हमला जान से मारने की नीयत से किया गया।

इस संबंध में झाडोल थाने में प्रकरण संख्या 101/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराएं 109 (1), 115 (2), 126 (2) एवं 3 (5) लगाई गई हैं। मामले की जांच का जिम्मा थानाधिकारी फलासिया को सौंपा गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी झाडोल नेत्रपाल सिंह के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी फलासिया सीताराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों गोपालसिंह पुत्र धनसिंह, नाहरसिंह पुत्र धनसिंह, नरेन्द्रसिंह पुत्र गोपालसिंह और खुमाणसिंह पुत्र नाहरसिंह, सभी निवासी वेलनिया, थाना झाडोल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी फलासिया सीताराम, सहायक उप निरीक्षक जगदीश कुमार (थाना झाडोल), कांस्टेबल विक्रम सिंह (थाना फलासिया), महिला कांस्टेबल दुर्गा कुमारी (थाना झाडोल) और कांस्टेबल ओमप्रकाश (थाना झाडोल) शामिल थे।

Advertisements