मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट का आरोप, कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

रायपुर में मंत्री केदार कश्यप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेसियों ने गांधी मैदान से रैली निकालकर नगर निगम व्हाइट हाउस होते हुए मोतीबाग चौक तक मार्च किया। इस दौरान मंत्री के बंगले की ओर बढ़ते कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया, जिसके बाद झूमाझटकी की स्थिति बन गई।

Advertisement1

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल इस्तीफे की मांग की। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का व्यवहार जनता और कर्मचारियों के प्रति असंवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने एक कर्मचारी को बंद कमरे में बुलाकर गाली-गलौज और लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दी है।

उपाध्याय ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है। इसके उलट कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री केदार कश्यप की होगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान है। जनता और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, उनकी लड़ाई सड़क पर जारी रहेगी।

इस प्रदर्शन में उधो राम वर्मा, छाया वर्मा, प्रमोद दुबे, आकाश शर्मा, अरुण जंघेल, प्रशांत ठेंगड़ी, दीपा बग्गा, देव कुमार साहू, माधव साहू, अनु साहू, अशोक ठाकुर, आकाश तिवारी, अरुण ताम्रकार, अमन गिल, जी श्रीनिवास और बंशी कन्नौजे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisements
Advertisement