Vayam Bharat

दो धड़ों में बंटा मोर्चा, राजधानी में दो जगह करेंगे अल्पसंख्यक नेता मंत्री शिवराज का स्वागत

भोपाल। खंड खंड में बिखरते भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की अंतर्कलह अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। राजधानी भोपाल में ही यह एक ही दिन में दो अलग अलग मंच पर नजर आने वाले हैं। रविवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर होने वाले उनके स्वागत के दौरान यह नजारा दिखाई देने वाला है।

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक खुद को असली मोर्चा और असली भाजपाई अल्पसंख्यक कहने वाले मुस्लिम नेताओं ने शनिवार को एक बैठक आयोजित की। प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष वसीम उदीन गुड्डू की अगुवाई में हुई इस बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत की रणनीति बनाई गई है। बताया जा रहा है कि मोर्चा का यह अंग रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी के पास बड़ा मंच लगाकर अपने नेता का अभिनंदन करेगा। इस स्वागत समारोह में वसीम अहमद गुड्डू के अलावा मप्र मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राशिद खान, पूर्व मोर्चा जिला अध्यक्ष सैयद मुमताज अली, अलीम कुरैशी, असद मकसूद, तौफीक अहमद, सैयद आरिफ अली, नुरुल इस्लाम, हाफिज जुनैद आदि मौजूद रहेंगे। इन अल्पसंख्यक मोर्चा नेताओं ने शनिवार की बैठक में भी हिस्सा लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष बोले, जिलों को दी है जिम्मेदारी
प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष एम एजाज खान का कहना है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत की जिम्मेदारी जिला विंग को दी गई है। यह पूरा कार्यक्रम उसी के नेतृत्व में आयोजित होगा। लेकिन इधर की जा रही तैयारियों में जिला मोर्चा के अधिकारियों की न तो सहभागिता दिखाई दे रही है और न ही उनकी ओर से स्वागत को लेकर कोई कार्यक्रम जारी किया गया है।

कई जगह होगा स्वागत
शहर भोपाल से विशेष संबंध रखने वाले शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय मंत्री के रूप में पाकर राजधानी अभिभूत है। उनके भोपाल आगमन पर शहर में कई जगहों पर मंच से उनका स्वागत किया जाएगा। इसी कड़ी में राजा भोज मंडल द्वारा संगम टॉकीज के पास स्वागत मंच से स्वागत अभिनन्दन किया जाएगा। गोरतलब है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भारत सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री बनाए जाने और उनके प्रथम भोपाल आगमन में भव्य रोड शो भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा आयोजित किया गया है। जो भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेट फार्म नंबर 1 से प्रारम्भ होकर भाजपा प्रदेश कार्यलय तक जाएगा।

Advertisements