मिर्ज़ापुर: भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरा मलबा, यातायात प्रभावित

मिर्ज़ापुर: जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्ज़ापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार दोपहर तेज बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से हो रहे जल रिसाव के कारण आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। इससे राजमार्ग पर मलबा और पत्थरों के टुकड़े गिर पड़े, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से लेकर बरम बाबा मोड़ तक करीब छह से अधिक स्थानों पर भूस्खलन के कारण मलबा फैल गया है।

इससे राजमार्ग से गुजर रहे वाहनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मिट्टी और पत्थरों से भरे मार्ग पर फिसलन और अवरोधों की वजह से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। देर शाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार, पहले भी इस घाटी क्षेत्र में बारिश के दौरान भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे आवागमन घंटों तक ठप हो गया था।

उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी-मिर्ज़ापुर होते हुए रीवा, मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र और कन्याकुमारी तक जाता है। इसे उत्तर से दक्षिण भारत को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग माना जाता है, जिस पर रोजाना हजारों की संख्या में भारी व हल्के वाहन चलते हैं। ऐसे में ड्रमंडगंज घाटी में बार-बार हो रहे भूस्खलन से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ रही है।

स्थानीय प्रशासन और एनएचएआई से अपेक्षा की जा रही है कि जल्द से जल्द मलबा हटवाकर यातायात सामान्य किया जाए और स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Advertisements
Advertisement