मिर्ज़ापुर: धान की रोपाई के दौरान श्रमिक की तबीयत बिगड़ी, रास्ते में हुई मौत…जहरीले जंतु के काटने की आशंका

मिर्ज़ापुर: जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी 40 वर्षीय श्रमिक बुद्धिराम कोल की खेत में काम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन उसकी बिगड़ती हालत को किसी जहरीले जंतु के काटने से जोड़कर इलाज के लिए झाड़-फूंक और देसी दवा दिलाने करनपुर ले जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, बुद्धिराम कोल शाम करीब चार बजे कोलहा गांव में धान की रोपाई कर रहा था। इसी दौरान उसके मुंह से झाग निकलने लगा और उसे चक्कर आने लगे।

Advertisement

खेत में मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे तत्काल घर पहुंचाया। परिजन इलाज के लिए उसे लेकर करनपुर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गांव के प्रधान पति शिव सागर पाल ने बताया कि बुद्धिराम को किसी जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका है। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं।

Ads

घटना की सूचना पर ड्रमंडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के भाई रमेश कोल की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

Advertisements