विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव के समग्र विकास और जनता की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने के उद्देश्य से आज विधायक गोमती साय ने ग्राम देवरी, दोकड़ा, बांसबहार एवं छेराघोघरा में कई महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर ग्राम देवरी में देवरी से हाईस्कूल पहुंच मार्ग एवं दोकड़ा से कोरंगाबहला पहुंच मार्ग के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों, छात्रों एवं आमजनों की आवागमन की सुविधा में आसानी होगी।इसके साथ ही ग्राम बांसबहार एवं छेराघोघरा में मंच निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन मंचों के निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन को सशक्त आधार मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में अपार उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। लोग लंबे समय से इन सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे थे, जो अब साकार हो रही है।इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य हीरामती पैंकरा, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश प्रसाद चौधरी, जनपद पंचायत के सदस्य, सरपंच एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।