Left Banner
Right Banner

Vidisha News: बीमा पाॅलिसी के नाम पर 59 लाख की ठगी करने वाला मोहम्मद अली दिल्ली से गिरफ्तार

विदिशा। जिले के गंजबासौदा शहर में एक अनाज व्यापारी से बीमा पाॅलिसी के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली में बैठे एक एजेंट ने उनकी एक दो नहीं, अपितु 38 पालिसी बनाईं। आरोपित फर्जी बीमा पाॅलिसी बनाकर बाद में उन्हें निरस्त कर बीमा राशि को स्वयं के खातों में ट्रांसफर कर लेता था। पीड़ित करीब ढाई साल से इसके चंगुल में फंसा था, क्योंकि पैसा निकलवाने के लिए आरोपित फिर नई पालिसी बना देता था। गत 11 अप्रैल को पीड़ित व्यापारी ने पुलिस में शिकायत की, तब जाकर मामले का राजफाश हुआ।

एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि शिकायत के बाद सुल्तानपुरी, जिला उत्तर पश्चिम दिल्ली निवासी मोहम्मद अली (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपित मोहम्मद अली एक निजी कंपनी में 10 प्रतिशत कमीशन के आधार पर एजेंट के रूप में कार्य करता था। बीमा कंपनियों द्वारा ही लोगों का डाटा उसे उपलब्ध कराया जाता था।

वह ग्राहकों से बात करने के लिए फर्जी मोबाइल नंबर, ईमेल आइडी का उपयोग करता था। उसने अलग-अलग बीमा कंपनियों के नाम से देवेंद्र की पालिसियां की।

देवेंद्र के अनुसार उनका पैसा इसमें फंस गया था, उसी पैसे को निकलवाने के लिए आरोपित नई-नई पालिसी बना देता था। 2023 से वह इसके चंगुल में फंसे थे।

एसपी ने बताया कि शिकायत के बाद आरोपित के बैंक खातों को फ्रीज कराया और पूरी राशि वापस दिलाने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कराया।

इसमें से करीब दो लाख रुपये वापस मिल भी चुके हैं। न्यायालय ने उनकी राशि वापस दिलाने का आर्डर भी कर दिया है। पुलिस ने आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisements
Advertisement