Left Banner
Right Banner

उत्तर भारत में लौटता मानसून, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना, बिहार में 19 की मौत से मचा हाहाकार

उत्तर भारत में लौटते मानसून का असर एक बार फिर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आज बारिश की संभावना जताई है। वहीं बिहार और पूर्वांचल के कई जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

दिल्ली-NCR में आज तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सामान्य हो गया था, लेकिन रविवार को फिर से झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर उत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों पर पड़ रहा है। इसके कारण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। दक्षिण भारत के तमिलनाडु के 14 जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ओडिशा के तटीय इलाकों में लगातार बारिश जारी है।

बिहार में बारिश और वज्रपात ने तबाही मचा दी है। राज्य के कई जिलों में बीते 48 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 से अधिक लोग झुलस गए हैं। मोतिहारी, सिवान, सारण, गोपालगंज और भोजपुर जिलों में हालात गंभीर हैं। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए हैं। पटना और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

वाराणसी में बारिश ने 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले 21 घंटों में 187 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1900 में दर्ज 138.8 मिमी वर्षा का रिकॉर्ड अब टूट गया है। तेज बारिश से किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं और कई इलाकों में यातायात प्रभावित है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश लौटते मानसून का प्रभाव है और अगले 48 घंटों तक उत्तरी भारत में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Advertisements
Advertisement