अभी तो पापा घर से निकले थे मां… सड़क दुर्घटना में मृत पिता की मौत से बिलख पड़ी बेटियां

कवर्धा: अभी तो पापा घर से निकले थे मां…, फिर ये सब कैसे हो गया। सड़क दुर्घटना में मृत पिता के शव को देखकर बेटियां बिलख पड़ीं। वे बार-बार यही कह रही थीं कि आखिर ऐसा कैसे हो गया। बेटियों के आंसू देखकर वहां खड़े लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

Advertisement

दुर्घटना को लेकर लोग उबल पड़े। मृतक के स्वजन को लेकर बड़ी संख्या में लोग नेशनल हाईवे पर बैठ गए। आठ घंटों से अधिक समय तक इन्होंने हाईवे जाम कर विरोध व्यक्त किया।

जाम के कारण रायपुर-जबलपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। स्कूल बसें और एंबुलेंस भी फंस गईं। इस बीच इन्होंने प्रशासन से मृतक के स्वजन को 50 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।

उप मुख्यमंत्री ने की बात

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की। सांत्वना देने के साथ ही उन्होंने स्वजन को पांच लाख रुपये और घायल को दो लाख देने की घोषणा की। जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मछली पकड़ने जा रहा था विजय

बता दें कि 55 वर्षीय विजय मल्लाह सोमवार की सुबह साथी जोधू मल्लाह के साथ मछली पकड़ने के लिए बाइक से जा रहा था। मंडी के पास हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दुर्घटना में विजय मल्लाह की मौत हो गई जबकि जोधू गंभीर रूप से घायल है। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

छह बेटियां व एक पुत्र

मृतक के घर में उसकी पत्नी के अतिरिक्त छह बेटियां व एक पुत्र है। परिवार संचालन का पूरा दायित्व मृतक के ऊपर था। मृतक मल्लाह के पास न ही खुद के रहने के लिए घर है और न ही कोई खेती खार।

मजदूरी करके परिवार का संचालन करने वाला मल्लाह की मौत के बाद कवर्धा के पूरे मल्लाह समाज उन बेटियो के साथ नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए कि पीड़ित परिवार को मुआवजा मिल सके। प्रदर्शनकारी, मृतक परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास की भी मांग कर रहे थे।

शराब दुकान हटाने की मांग फिर हुई तेज

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ समय पहले इसी इलाके में शराब दुकान हटाने की मांग उठी थी, लेकिन प्रशासन ने केवल दुकान को कुछ दूरी पर शिफ्ट कर दिया।

आज भी ग्रामीण उसी शराब दुकान को पूरी तरह हटाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब भट्टी के कारण आए दिन इस सड़क पर दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

पीड़ित परिवार को मिला न्याय

सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग को लेकर पीड़ित परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डटकर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह, जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी कृष्णा कुमार नामदेव समेत कई कार्यकर्ताओं डटे रहे।

Advertisements