छत्तीसगढ़ में एक तरफ नक्सलियों के शांति वार्ता के लिए भेजे प्रेस नोट की चर्चा हो रही है दूसरी तरफ नक्सलियों ने 2 ग्रामीणों का मर्डर कर दिया है। मंगलवार (16 सितंबर) रात बीजापुर में नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में घर घुसकर एक ग्रामीण को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना जांगला थाना क्षेत्र की है।
दूसरी घटना दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र की है। जहां नक्सलियों ने एक साल पहले जिस युवक की हत्या की थी, उसके पिता की भी घर में लाश मिली है। जिसे गला रेतकर मौत के घाट उतारा गया। इस घटना से ग्रामीणों ने ये अंदाजा लगाया है कि नक्सलियों ने ही उनके पिता को मारा होगा।
मुखबिरी का आरोप लगाकर काटा
बीजापुर में मंगलवार (16 सितंबर) रात नक्सली ग्राम बेंचरम के रहने वाले दशरू राम ओयाम (36 साल) के घर पहुंचे थे। उन्होंने दशरू पर मुखबिरी का आरोप लगाया और उसे घर से बाहर खींच लाए। इसके बाद धारदार कुल्हाड़ी से काट डाला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस मामले में मर्ग और अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस माओवादी हिंसा की कड़ी निंदा की है।
दंतेवाड़ा में ग्रामीण का गला रेता
दंतेवाड़ा जिले के नीलावाया गांव के पटेलपारा का रहने वाला बंडी कोर्राम (55) अपने किसी परिचित के साथ घर से बाहर गया हुआ था। रात में उसके परिचित ने उसे अपने घर के पास छोड़ दिया था। वहीं कुछ देर बाद उसकी हत्या हो गई। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसका पता लगाया। घर के पास ही उसकी लाश मिली।
जांच कर रही पुलिस
गांव वालों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पहले जानकारी मिली थी कि नक्सलियों ने इसे मार डाला है। हालांकि, मौके से किसी भी तरह का कोई नक्सल पर्चा नहीं मिला। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जमीन विवाद को लेकर हत्या हुई है। हत्या किसने की यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।
बेटे को भी मारे थे नक्सली
बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले नक्सलियों ने मृतक के बेटे की भी हत्या कर दी थी। वहीं अब पुलिस आपसी रंजिश और नक्सल एंगल दोनों तरह से मामले की जांच कर रही है। ASP आरके बर्मन ने इसे नक्सल वारदात से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि, आपसी रंजिश की वजह से हत्या हुई है। जांच जारी है।