भारत सरकार ने पाकिस्तान से वस्तुओं के आयात-निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद उठाया गया है।
इससे पहले पुलवामा हमले के बाद से ही भारत ने पाकिस्तान से आने-जाने वाली वस्तुओं पर 200 प्रतिशत इम्पोर्ट ड्यूटी लगा रखी थी। इससे बचने के लिए व्यापारियों ने नया रास्ता खोज लिया है।
दूसरे रास्तों से आ रहा सेंधा और लाहौरी नमक
विश्व की 90 प्रतिशत खारक पाकिस्तान में उत्पादित होती है। इंदौर से यह महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरला, दिल्ली और मुंबई भेजी जाती है।
इस व्यवस्था से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। दुबई से कम कीमत के बिल बनाए जा रहे हैं, जिससे कस्टम ड्यूटी और जीएसटी की चोरी हो रही है। भारत से चना भी बड़े पैमाने पर पाकिस्तान पहुंच रहा है। साथ ही अन्य देशों के रास्ते सेंधा नमक और लाहौरी नमक भी पाकिस्तान से भारत आ रहा है।
दुबई से होकर देसी चना जा रहा पाकिस्तान
देसी चने की बड़ी खेप बीते दिनों में भारत से पाकिस्तान पहुंची है। निर्यातक और व्यापारी बता रहे हैं कि भारत-पाकिस्तान के व्यापारियों ने एक-दूसरे के यहां माल पहुंचाने के लिए दुबई का रास्ता बना लिया है। भारत के मुंद्रा व कांडला पोर्ट से देसी चना दुबई से लोड हो रहा है, जो पाकिस्तान जा रहा है।
30 हजार टन देसी चना निर्यात, दुबई से बिल कारोबारी की माने तो व्यापारी हलकों के अनुसार करीब 30 टन देसी चना निर्यात हुआ है। इसमें से आधा पाकिस्तान पहुंच रहा है। दरअसल, निर्यातक भले ही भारत के हो या पाकिस्तान के वे बिल दुबई के बनाते हैं।
वहां की कंपनियों में माल पहुंचने के बाद वे ओरिजिनल कंट्री की सील यूएई की लगते है और वहां से भारत या पाकिस्तान माल फिर निर्यात कर दिया जाता है। भारतीय देसी चना बंदरगाहों से 5500 से 5750 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर लोड हो रहा है। यह ऑस्ट्रेलिया या अन्य देशों की तुलना में चने से सस्ता है। इसलिए पाकिस्तान से मंगवा रहे हैं।
पाक से आने वाली खारक पर 200% टैक्स
दी सियागंज होलसेल व्यापारी एसोसिएशन उपाध्यक्ष नईम पानवाला बताते हैं कि इंडिया-पाकिस्तान के बीच पंजाब के अटारी बॉर्डर से सीधा व्यापार पुलवामा हमले के बाद से बंद है। पाकिस्तान की खारक पर तो 200 फीसदी टैक्स भी लागू है। इसे देखते हुए कारोबारियों ने दुबई का रास्ता तलाश लिया है। ईरान से भी खारक दुबई होते हुए आती है। दुबई के साथ भारत के रिश्ते अच्छे हैं। ऐसे में दुबई के रास्ते कई देशों का मॉल भारत में आता है। इस पर कोई रोक नहीं है।
अंजीर, पिशोरी पिस्ता के दाम सुधरने के आसार
हाल ही में हमले के बाद केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तान पर लगाए गए कई तरह से प्रतिबंध से अफगानिस्तान से आने वाली वस्तुओं की भी बाजार में शॉर्टेज की स्थिति बन सकती है। इसमें विशेष रूप से अंजीर, मुनक्का, काली किशमिश, कंधारी किशमिस के अलावा पिशोरी पिस्ते की आवक कम होने की संभावना है।
जिसके चलते इनकी मांग बढ़ते ही कीमतों में सुधार की स्थिति बन सकती है। हालांकि, कुछ व्यापारी बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं कर रहे हैं क्योंकि गर्मी की वजह से इन मांग आमतौर पर कम ही रहती है।
पाकिस्तान से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट इम्पोर्ट पर रोक
भारत ने पाकिस्तान से आने वाले सभी सामानों के आयात (इम्पोर्ट) पर रोक लगा दी है। अब पाकिस्तान से सीधे या किसी और रास्ते से कोई भी चीज भारत में नहीं लाई जा सकेगी। यह फैसला देश के सुरक्षा और जनता के हित में लिया गया है। यह नियम तुरंत लागू हो गया है। सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें कहा गया कि अगर किसी को इस रोक से छूट चाहिए, तो उसे पहले भारत सरकार से इजाजत लेनी होगी।
भारतीय बंदरगाह पर पाकिस्तानी जहाज बैन
भारत सरकार ने समुद्री सुरक्षा को देखते हुए एक सख्त आदेश जारी किया है। अब पाकिस्तान के झंडे वाले कोई भी जहाज भारत के किसी बंदरगाह पर नहीं आ सकेंगे। इसी तरह, भारत के जहाज भी पाकिस्तान के बंदरगाहों पर नहीं जाएंगे। यह फैसला मर्चेंट शिपिंग एक्ट, 1958 के तहत लिया गया है। यह नियम तुरंत लागू हो गया। अगले आदेश तक जारी रहेगा।
भारत ने 200 प्रतिशत इम्पोर्ट ड्यूटी लगा दी
पुलवामा हमले के बाद से ही भारत सरकार ने पाकिस्तान आने-जाने वस्तुओं पर 200 प्रतिशत इंपोर्ट ड्यूटी लगा दी थी, जिससे माल मांगना या भेजना बहुत महंगा पड़ रहा था। फिर भारत-पाकिस्तान के कुछ बड़े व्यापारियों ने बीच का रास्ता निकाला और पाकिस्तान में पैदा होने वाली खारक दुबई के रास्ते भारत और फिर इंदौर मांगने लगे। इससे पाकिस्तान का माल दुबई आता है और बिलिंग दुबई में की जाती है। इससे 200 फीसदी की ड्यूटी नहीं लगती है बल्कि 20 से 30 प्रतिशत ही ड्यूटी लगती है, क्योंकि यूएई और भारत के रिश्ते अच्छे हैं। इससे व्यापारियों को दुबई के रास्ते खारक मांगने में 30 से 50 रुपए प्रति किलो आयात खर्च आता है। इसलिए यूएई के दुबई की सील लगवाकर भारत ला रहे हैं।