बॉम्बे हाईकोर्ट में लगाई याचिका:सैफ अली खान पर हमले के संदिग्ध ने होम मिनिस्ट्री पर लगाया मानहानि का केस, एक करोड़ रु. मुआवजा मांगा

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर जानलेवा हमले मामले में पकड़े गए संदिग्ध आकाश कनौजिया ने बॉम्बे हाईकोर्ट से इंसाफ की गुहार लगाई है। उसका दावा है कि पकड़े जाने की खबर मीडिया में प्रसारित होने के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया। यहां तक कि उसकी शादी भी टूट गई। अब रिश्तेदारों ने भी उससे दूरी बना ली है।

Advertisement

नौकरी के लिए दर-दर भटकने के बाद भी कोई काम नहीं मिल रहा है। सामाजिक और आर्थिक नुकसान होने के बाद अब उसके पास आत्महत्या करने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है। उसके आत्महत्या कर लेने के विचार आने की जानकारी लगने के बाद एक समाजसेवी ने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर करवाई है।

इसमें होम मिनिस्ट्री से मानहानि के एवज में 1 करोड़ रुपए की राहत राशि की मांग की गई है। संदिग्ध को सैफ अली के घर में घुसकर चाकू से हमला करने के संदेह में दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया था। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची थी और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया है। इसके बाद संदिग्ध अपने मुंबई स्थित घर लौट गया था। 3 मार्च 2025 को संदेही ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

नौकरी गई, फिर शादी टूटी और बदनामी से अब आत्महत्या करने का विचार

क्राइम ब्रांच ने भेजी थी रेलवे पुलिस को तस्वीर

जानकारी के मुताबिक 16 जनवरी 2025 को सैफ अली खान के घर पर संदिग्ध घुसा था। इसके बाद उसने अभिनेता सैफ पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद मुबंई क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध की फोटो रेलवे पुलिस से शेयर की थी। संदिग्ध की तलाश में रेलवे पुलिस ने 18 जनवरी को मुंबई- हावड़ा ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर छानबीन की। इसी दौरान संदिग्ध आकाश को बिना टिकट जनरल डिब्बे से हिरासत में लिया था।

रेलवे पुलिस ने दावा किया था कि पकड़ने जाने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच से वीडियो कॉल करके संदिग्ध की पहचान कराई गई थी। संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित होने के बाद संदिग्ध से पूछताछ के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम देर रात दुर्ग पहुंच गई थी। देर रात तक उससे पूछताछ की गई। इसके बाद 19 जनवरी को मुंबई पुलिस आकाश को अपने साथ ले गई थी। लेकिन उसके घटना में शामिल नहीं होने की पुष्टि के बाद रायपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया था।

शादी के लिए लड़की देखने जांजगीर जा रहा था आकाश कनौजिया

रेलवे पुलिस की पूछताछ के दौरान यह पता चल गया था कि आकाश कनौजिया शादी के लिए लड़की देखने ट्रेन से जांजगीर जा रहा था। यहां उसके रिश्तेदार भी रहते हैं। आकाश ने पुलिस को बताया था कि वह मूलत: यूपी का रहने वाला है। लेकिन अपने माता पिता के साथ कोलाबा में रहता है। यहां रहकर वह ड्राइवरी की नौकरी करता है। हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि आकाश के खिलाफ 3 से 4 अपराध दर्ज है। इनमें मारपीट,चोरी और लूट जैसे अपराध शामिल है। इसी शंका के आधार पर आकाश की तलाश की जा रही थी।

आकाश मानसिक रूप से परेशान था, हमने उसकी आर्थिक मदद की आकाश के पकड़े जाने की खबर मीडिया और सोशल मीडिया पर तेजी से फैली थी। इसके बाद उसे पूरी तरह आरोपी मान लिया गया था। जबकि दूसरे दिन ही उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद से आकाश मानसिक रूप से परेशान था। हमने उसकी आर्थिक मदद की है। इसके साथ कोर्ट में मानहानि की क्षतिपूर्ति के लिए याचिका दायर की है। हम उसके हक के लिए लड़ाई लड़ेंगे। -फैजान अंसारी, समाजसेवी, मुंबई

Advertisements