छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शनिवार को तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि, पिकअप में 24 लोग सवार थे। हादसा अरनपुर थाना इलाके में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मासा मड़कम (12) और सोढ़ी कोयदो (20) की मौत हुई है। दोनों गोंडेरास के रहने वाले थे, जो ताड़मेटला गए थे। हादसे के बाद 231 बटालियन के कैंप के जवानों ने घायलों की जान बचाई।
अब जानिए कैस हुआ हादसा ?
दरअसल, शनिवार दोपहर 24 लोग पिकअप वाहन से ताड़मेटला से गोंडेरास गांव लौट रहे थे। इसी बीच कोंडासांवली और कमल पोस्ट के बीच घाट में पिकअप सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे की खबर मिलते ही CRPF 231 बटालियन के जवान और अफसर मौके पर पहुंचे।
CRPF के डॉक्टर्स ने घायलों का किया इलाज
इस दौरान मासा मड़कम और सोढ़ी कोयदो की जान जा चुकी थी, जबकि 12 ग्रामीण लहूलुहान थे। सभी घायलों का CRPF के डॉक्टर्स ने मौके पर प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद अरनपुर से एंबुलेंस बुलवाकर सभी को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जवानों ने घायलों को CPR देकर बचाई जान
हादसे के बाद कुछ जंगल में तो कुछ सड़क पर खून से सने पड़े थे। इस दौरान CRPF के जवानों ने कुछ घायलों को CPR देकर भी जान बचाई। इसके साथ ही पिकअप सवार बाकी 10 लोगों को मामूली चोटें आई है।
मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।